Published : Jul 12, 2025 12:09 pm IST, Updated : Jul 12, 2025 12:09 pm IST
1/4Image Source : India TV
कर्नाटक के विजयपुरा जिले के मणगुली गांव में केनरा बैंक की शाखा में हुई 53.26 करोड़ रुपये की सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस ने अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस डकैती का मास्टरमाइंड बैंक का पूर्व शाखा प्रबंधक विजयकुमार मिरियाला बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, 25 मई 2025 को इस चोरी की घटना सामने आई थी, जिसमें 40.7 किलोग्राम शुद्ध वजन के सोने के आभूषण और 5.2 लाख रुपये नकद चोरी किए गए।
2/4Image Source : India TV
शुरुआत में बैंक ने चोरी हुए सोने का वजन 58.9 किलोग्राम बताया था, जिसे बाद में शुद्ध वजन में संशोधित किया गया। जांच में पता चला कि यह डकैती की प्लानिंग काफी बारीकी से की गई थी। साजिश की शुरुआत फरवरी 2025 में हुई, जब विजयकुमार मिरियाला ने अपने ट्रांसफर की वेटिंग के दौरान पूरी प्लानिंग की। 9 मई को ट्रांसफर होने के बाद उसने तिजोरी की चाबियों की डुप्लीकेट कॉपी अपने साथियों को सौंप दी। चोरी की रात CCTV कैमरे बंद कर दिए गए और सुरक्षा उपकरणों के साथ छेड़छाड़ की गई।
3/4Image Source : India TV
मामले को रहस्यमय बनाने के लिए चोरों ने घटनास्थल पर काले जादू से जुड़ी सामग्री भी छोड़ी, ताकि जांच को गुमराह किया जा सके। पुलिस ने अब तक 39.26 करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद की है, जिसमें 39 किलोग्राम पिघलाया हुआ सोना और 1.16 करोड़ रुपये नकद शामिल हैं। जांच में खुलासा हुआ कि चोरी का कुछ हिस्सा गोवा के माजेस्टिक प्राइड कैसीनो में खर्च किया गया।
4/4Image Source : India TV
विजयपुरा पुलिस इस मामले में गहन जांच कर रही है और अन्य संदिग्धों की तलाश में छापेमारी कर रही है। इस डकैती ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साझा करें। यह मामला कर्नाटक में हाल के वर्षों की सबसे बड़ी बैंक डकैतियों में से एक है।