अहमदाबाद: गुजरात सरकार ने देश में जारी LPG सप्लाई में हो रही कमी के बीच एक बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने कहा है कि अब जहां सिटी गैस डिस्ट्रिब्यूशन का पाइपलाइन नेटवर्क उपलब्ध है, वहां रेस्तरां, होटल, शिक्षा संस्थान और सामाजिक-धार्मिक संस्थानों को उनकी जरूरत के अनुसार नए PNG कनेक्शन तुरंत दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई उच्च स्तरीय बैठक में निर्णय लिया गया कि अगर ये संस्थान आवेदन करेंगे तो उन्हें फौरन कनेक्शन मिलेगा। बैठक में राज्य में PNG और पेट्रोलियम उत्पादों की स्थिति की समीक्षा की गई।
Related Stories
'राज्य में पर्याप्त मात्रा में प्राकृतिक गैस उपलब्ध'
गुजरात सरकार ने यह फैसला पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच लिया गया है, जिससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है। सरकारी विज्ञप्ति के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के उन इलाकों में जहां सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन का पाइपलाइन नेटवर्क मौजूद है, वहां रेस्तरां, होटल, शिक्षा संस्थान और सामाजिक-धार्मिक संस्थान अगर नए PNG कनेक्शन की मांग करेंगे, तो उन्हें उनकी जरूरत के हिसाब से तुरंत कनेक्शन दिया जाएगा। बैठक में बताया गया कि राज्य में घरेलू उपयोग के लिए पाइपलाइन से गैस लेने वाले नागरिकों के लिए पर्याप्त मात्रा में प्राकृतिक गैस उपलब्ध है, और घरों में इसकी कोई कमी नहीं होगी।
केंद्र और राज्य सरकारें लगातार कर रहीं निगरानी
बता दें कि गुरुवार को ही गुजरात सरकार ने कहा था कि राज्य में घरेलू खपत के लिए LPG और PNG का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। भारत अपनी ऊर्जा का बड़ा हिस्सा पश्चिम एशिया से आयात करता है, लेकिन वहां की स्थिति के बावजूद कोई समस्या नहीं है। केंद्र और राज्य सरकारें लगातार निगरानी कर रही हैं ताकि LPG सिलेंडर की आपूर्ति और वितरण बिना रुकावट चले। यह फैसला उन होटलों, रेस्तरां, स्कूल-कॉलेजों और धार्मिक-सामाजिक जगहों को राहत देगा, जो PNG का इस्तेमाल करना चाहते हैं। इससे वे LPG सप्लाई में बाधा के बीच आसानी से गैस का उपयोग कर सकेंगे।