1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. नवसारीः प्रिंसिपल के इलाज में लापरवाही बरतने के आरोप में अस्पताल का प्रबंधक और डॉक्टर-नर्स गिरफ्तार

नवसारीः प्रिंसिपल के इलाज में लापरवाही बरतने के आरोप में अस्पताल का प्रबंधक और डॉक्टर-नर्स गिरफ्तार

 Published : May 11, 2025 10:07 pm IST,  Updated : May 11, 2025 10:14 pm IST

नवसारी में एक अस्पताल के डॉक्टर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। डॉक्टर पर एक प्रिंसिपल के इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : ANI

नवसारी: गुजराती के नवसारी जिले के एक निजी अस्पताल में सर्जरी के बाद कथित तौर पर गलत उपचार के कारण एक स्कूल के प्रिंसिपल की मौत के मामले में एक चिकित्सक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि नवंबर 2024 में इलाज के दौरान अर्जुन राठौड़ (54) की मौत के बाद नवसारी सिविल अस्पताल की जांच समिति ने अस्पताल के एक ट्रस्टी समेत तीनों को लापरवाही के लिए दोषी ठहराया था। 

जांच के बाद गिरफ्तार किया गया डॉक्टर

पुलिस उपाधीक्षक बीवी गोहिल ने बताया कि आरोपियों की पहचान डॉ.भरत नायक, नर्स निराली नायक और निजी अस्पताल के प्रबंधक इमेश गांधी के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि इन्हें जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर गैर इरादतन हत्या (धारा 105) समेत विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। तीनों के खिलाफ 10 मई को गंडेवी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। 

इस वजह से प्रिंसिपल की हुई थी मौत

पुलिस ने बताया कि राठौड़ को घर में कुर्सी से गिरने और चोट लगने के बाद छह नवंबर, 2024 को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने बताया कि उनकी ‘ऑर्थोपेडिक’ सर्जरी की गई और बाद में उन्हें अस्पताल के आईसीयू में स्थानांतरित कर दिया गया, जहां डॉ.नायक ने नर्स से राठौड़ को 0.4 एमएल ‘टर्मिन इंजेक्शन’ लगाने का निर्देश दिया। पुलिस के अनुसार इसके बाद मरीज के रक्तचाप और ऑक्सीजन के स्तर में गंभीर गिरावट आई, जिससे उनकी मौत हो गई। गोहिल ने कहा कि मामले की जांच जारी है। 

इंजीनियरिंग छात्र गिरफ्तार

वहीं,  गुजरात के आणंद शहर में 21 वर्षीय एक इंजीनियरिंग छात्र को सोशल मीडिया मंच पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बारे में कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आणंद साइबर अपराध पुलिस थाने के निरीक्षक सी पी चौधरी ने कहा कि आरोपी कच्छ जिले के भुज का रहने वाला चौथे वर्ष का इंजीनियरिंग छात्र है और वल्लभ विद्यानगर में एक छात्रावास में रहता था।

रिपोर्ट- भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।