1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. तीज के रंग में रंगीं सीएम नायब सैनी की पत्नी सुमन सैनी, महिलाओं के साथ जमकर किया डांस

तीज के रंग में रंगीं सीएम नायब सैनी की पत्नी सुमन सैनी, महिलाओं के साथ जमकर किया डांस

 Published : Aug 06, 2024 07:34 pm IST,  Updated : Aug 06, 2024 07:36 pm IST

सुमन सैनी ने करनाल के डीएवी वूमेन कॉलेज में तीज से एक दिन पहले आयोजित एक कार्यक्रम में हरियाणवी गीत पर जमकर डांस किया और साथ ही हरियाणवी गीत भी गाए।

Suman Saini, Suman Saini Nayab Saini, Nayab Saini Wife- India TV Hindi
तीज पर्व के कार्यक्रम को सेलिब्रेट करतीं सुमन सैनी। Image Source : IANS

करनाल: देशभर में तीज का त्योहार धूमधाम से मनाया जाता है और हरियाणा में तो इसका एक अलग ही रंग देखने को मिलता है। करनाल के डीएवी वूमेन कॉलेज में तीज से एक दिन पहले आयोजित एक कार्यक्रम में हरियाणा के सीएम नायब सैनी की पत्नी सुमन सैनी ने भी भाग लिया। उनके साथ इस कार्यक्रम में पूर्व मेयर रेणु बाला गुप्ता ने भी हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में डांस प्रोग्राम के साथ कई तरह की सांस्कृतिक परंपराओं को भी निभाया गया। सुमन सैनी ने यहां हरियाणवी गीत पर जमकर डांस किया और साथ ही हरियाणवी गीत भी गाए।

‘सभी के साथ मैंने तीज का आनंद लिया’

संगीत के कार्यक्रम के बाद सीएम की पत्नी सुमन सैनी ने झूले का आनंद भी लिया। कार्यक्रम में भाग लेने पहुंची सीएम नायब सैनी की पत्नी सुमन सैनी ने कहा, 'वैसे तो तीज का पर्व कल है, लेकिन हरियाणा में एक सप्ताह पहले से ही तीज के कार्यक्रम शुरू हो जाते हैं। इसी पर्व में शामिल होने आज मैं करनाल आई हूं। यहां सभी के साथ मैंने तीज का आनंद लिया।’ उन्होंने पूरे राज्य की महिलाओं को तीज की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह पर्व भगवान शिव और पार्वती के मिलन का प्रतीक है और मैं भगवान से प्रार्थना करती हूं कि वह सभी का सुहाग बनाए रखें।

‘यह पर्व सुहाग का प्रतीक है’

हरियाणा के कल्चर पर बोलते हुए सुमन सैनी ने कहा, 'तीज एक ऐसा पर्व है जो आने वाली पीढ़ियों को हमारे कल्चर के बारे में जागरूक करेगा, जिससे यह परंपरा आगे बढ़ेगी। सबसे खास बात यह है कि इस पर्व में बहनों के मायके से कोथली आती है। ऐसी मान्यता है कि तीज में सास और बहू एक साथ नहीं रहती। जिन महिलाओं की शादी के बाद पहली तीज है वह अपने मायके में यह पर्व मनाएंगी।' इस अवसर पर पूर्व मेयर रेणु बाला ने कहा, 'यह पर्व सुहाग का प्रतीक है। बहनें इसमें प्रकृति का आनंद लेती हैं। यहां आज सीएम नायब सैनी की पत्नी सुमन सैनी भी हमारे बीच है। वह यहां छात्रों के साथ खुशियां बांट रही हैं।' (IANS)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।