1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. करनाल में हरियाणा रोडवेज की बस के नीचे घुस गई बाइक, 2 युवकों की दर्दनाक मौत

करनाल में हरियाणा रोडवेज की बस के नीचे घुस गई बाइक, 2 युवकों की दर्दनाक मौत

 Published : Dec 22, 2025 09:59 am IST,  Updated : Dec 22, 2025 09:59 am IST

रविवार देर रात हरियाणा रोडवेज रोहतक डिपो की बस चंडीगढ़ से रोहतक की ओर जा रही थी। जब बस पुराने बस स्टैंड के पास अग्निशमन केंद्र के सामने पहुंची, तभी घरौंडा से पानीपत की ओर जा रही बाइक को बस ने जबरदस्त टक्कर मार दी।

haryana roadways bus accident- India TV Hindi
हरियाणा रोडवेज की बस ने बाइक सवार युवकों को कुचल दिया। Image Source : REPORTER INPUT

करनाल के घरौंडा पुराने बस स्टैंड के पास हरियाणा रोडवेज की तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार 2 युवकों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। गुस्साए लोगों ने हरियाणा रोडवेज के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, बस पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए और सड़क जाम कर दिया।

टक्कर के बाद बस के नीचे आ गए युवक

जानकारी के अनुसार रविवार देर रात हरियाणा रोडवेज रोहतक डिपो की बस चंडीगढ़ से रोहतक की ओर जा रही थी। जब बस पुराने बस स्टैंड के पास अग्निशमन केंद्र के सामने पहुंची, तभी घरौंडा से पानीपत की ओर जा रही बाइक को बस ने जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक बस के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक बस लेकर मौके से फरार होने का प्रयास करने लगा, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने बस को घेर लिया। हालांकि चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

haryana roadways bus accident
Image Source : REPORTER INPUTहादसे के बाद लोगों का आक्रोश फूट पड़ा।

गुस्साए लोगों ने बस पर किया पथराव

गुस्साए लोगों ने बस की चाबी निकाल ली और सेन चौक पर भारी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। इसके बाद लोगों का आक्रोश फूट पड़ा और हरियाणा रोडवेज के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए बस पर पथराव कर दिया, जिससे बस के शीशे टूट गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया और करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया और यातायात को सुचारू कराया।

एक मृतक यूपी का रहने वाला

मृतकों की पहचान गढ़ शरनाई निवासी 28 वर्षीय इंदर कुमार तथा उत्तर प्रदेश के जिला बागपत के गांव नागल निवासी सचिन कुमार के रूप में हुई है। दोनों युवक गांव अलीपुरा स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरी का कार्य करते थे और किसी काम से घरौंडा आए हुए थे।

जांच अधिकारी उमेश त्यागी ने बताया कि हरियाणा रोडवेज रोहतक डिपो की बस द्वारा बाइक को टक्कर मारने से यह हादसा हुआ है। बाइक पर सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल भिजवा दिया है। मामले की जांच की जा रही है और फरार बस चालक की तलाश जारी है।

(रिपोर्ट- अमित भटनागर)

यह भी पढ़ें-

हापुड़ में स्कूटी की टक्कर से हवा में कई फीट ऊंची उछल गई मासूम बच्ची, एक्सीडेंट CCTV में कैद

रोहतास में बड़ा रोड एक्सीडेंट, दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में चार युवकों की मौत, बर्थडे पार्टी में जा रहे थे दोस्त

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।