1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. करनाल की सियासत में बढ़ी तल्खी, पूर्व जिला परिषद चेयरमैन के पति ने असंध विधायक को बताया ‘गद्दार’

करनाल की सियासत में बढ़ी तल्खी, पूर्व जिला परिषद चेयरमैन के पति ने असंध विधायक को बताया ‘गद्दार’

 Written By: Niraj Kumar @nirajkavikumar1
 Published : Jul 25, 2026 11:37 pm IST,  Updated : Jul 26, 2026 12:05 am IST

करनाल की सियासत में जिला परिषद की कुर्सी को लेकर विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। पूर्व चेयरमैन प्रवेश राणा के पति सोहन सिंह राणा ने राजपूत धर्मशाला में आयोजित समाज की पंचायत में असंध विधायक योगेंद्र राणा पर तीखा हमला बोला।

karnal- India TV Hindi
करनाल सियासत Image Source : REPORTER INPUT

करनाल: करनाल जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन प्रवेश राणा के पति सोहन सिंह राणा ने पद जाने के बाद पहली बार सार्वजनिक मंच से अपनी चुप्पी तोड़ी। राजपूत धर्मशाला में आयोजित समाज की पंचायत में उन्होंने न सिर्फ अपनी नाराजगी जाहिर की, बल्कि असन्ध विधायक योगेंद्र राणा पर सीधे और गंभीर आरोप लगाए। सोहन सिंह राणा ने दावा किया कि उन्हें एक सुनियोजित साजिश के तहत अध्यक्ष पद से हटाया गया और इस पूरे घटनाक्रम में पार्टी के भीतर के लोगों की भूमिका रही। 'कुर्सी जाने का अफसोस नहीं, गद्दारी का दर्द है'

सोहन सिंह राणा ने कहा कि अध्यक्ष पद उनके लिए कभी बड़ा मुद्दा नहीं रहा। उन्होंने कहा कि जिस दिन उनकी चेयरमैन की कुर्सी गई, उस रात उन्हें सुकून की नींद आई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नींद उन्हें नहीं आती जो भ्रष्टाचार कर गलत तरीके से पैसा कमाते हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में कभी गलत कमाई नहीं की और न ही ऐसी कोई मंशा रखी।

'पार्टी के भीतर हुई साजिश, अब अंदर रहकर ही लड़ाई लड़ूंगा'

पंचायत में सोहन सिंह राणा ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ पार्टी के अंदर ही षड्यंत्र रचा गया। उन्होंने कहा कि वह पार्टी नहीं छोड़ेंगे, बल्कि पार्टी के भीतर रहकर ही इस लड़ाई को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि उनके साथ गद्दारी हुई है और वह इस गद्दारी को आगे नहीं बढ़ने देंगे। यदि कोई ऐसा करेगा तो वह स्वयं और उनका समाज उसके विरोध में खड़ा मिलेगा।

21 सदस्यीय कमेटी का गठन, दोषियों के नाम होंगे सार्वजनिक

सोहन सिंह राणा ने कहा कि वह राजपूत समाज के इकलौते जिला परिषद अध्यक्ष थे और उनकी कुर्सी जाने का दर्द पूरे समाज का दर्द बन गया है। इसी कारण समाज की पंचायत बुलाई गई है। उन्होंने बताया कि 21 सदस्यीय कमेटी गठित की जा रही है, जो आगे की रणनीति तय करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि उचित समय आने पर दोषियों के नाम सार्वजनिक किए जाएंगे और उनके विरोध में पुतला दहन भी किया जाएगा। 

कांग्रेस में जाने के आरोपों को बताया झूठ

विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस में जाने के आरोपों को लेकर भी सोहन सिंह राणा ने सफाई दी। उन्होंने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि आरोप लगाने वाला पार्षद खुद पैदायशी कांग्रेसी है और पैसे लेकर कुछ भी बोल सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि जो पार्षद दूसरी ओर गए हैं, उन्हें अब उसका फायदा जरूर मिलेगा।

योगेंद्र राणा पर सीधा हमला, मंत्री बनाए जाने का भी किया विरोध

सोहन सिंह राणा ने असन्ध विधायक योगेंद्र राणा को 'गद्दार' बताते हुए कहा कि उन्होंने केवल उनके साथ नहीं बल्कि पूरे समाज के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि योगेंद्र राणा को मंत्री बनाया गया तो पूरा समाज इसका विरोध करेगा। उन्होंने दावा किया कि उनके पास अपने आरोपों के पर्याप्त सबूत हैं, जिन्हें समय आने पर सार्वजनिक किया जाएगा।

'सोहन भी हमारे हैं, राजनीति सर्व समाज की होती है'

उधर इस मामले पर  असन्ध विधायक योगेंद्र राणा का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि समाज के लोग उनके साथ हैं और उन्होंने अपनी बात समाज के सामने रख दी है। उन्होंने कहा कि सोहन सिंह भी उनके अपने हैं और वह भी सोहन सिंह के हैं। योगेंद्र राणा ने कहा कि राजनीति किसी एक जाति या समाज की नहीं होती, बल्कि सर्व समाज के सहयोग और विश्वास से चलती है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह का विवाद समाज और पार्टी, दोनों की छवि को नुकसान पहुंचा सकता है।

रिपोर्ट- अमित भटनागर, करनाल

ये भी पढ़ें:

हरियाणा के कैथल में BJP विधायक का समोसे तलते हुए VIDEO वायरल, बोले- "मेरी भी रेहड़ी लगाओ, काफी मुनाफा है"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।