1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. स्कूल नहीं जाने की जिद में अरमान ने नहर में लगाई छलांग, सातवीं कक्षा के छात्र की गई जान

स्कूल नहीं जाने की जिद में अरमान ने नहर में लगाई छलांग, सातवीं कक्षा के छात्र की गई जान

 Published : Aug 18, 2023 11:12 am IST,  Updated : Aug 18, 2023 11:12 am IST

हरियाणा के करनाल में एक छात्र ने सिर्फ स्कूल ना जाने की जिद में खुद की जान दे दी। मां ने सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले अरमान को स्कूल के लिए जैसे ही तैयार किया तो वह घर से चला गया और नहर में कूद कर आत्महत्या कर ली।

karnal Student - India TV Hindi
नहर में कूदा सातवीं का छात्र Image Source : FILE PHOTO

मां-बाप बच्चों को स्कूल जाने के लिए, पढ़ने के लिए इसलिए कहते हैं ताकि वे जिंदगी में कामयाब हो सकें , मेहनत करके कुछ बन सकें। लेकिन बच्चे मां-बाप की बातों का बुरा मान जाते हैं और कभी-कभी बहुत बड़े कदम उठा लेते हैं। हरियाणा के करनाल से एक ऐसा ही मामला सामने आया है। दरअसल, करनाल के कर्ण विहार में रहने वाले 7वीं कक्षा के छात्र अरमान ने केवल स्कूल ना जाने की जिद पर नहर में कूदकर जान दे दी।

स्कूल ड्रेस में था तैयार, साइकिल से घर से हुआ गायब 

छात्र के माता पिता ने अपनी आंखों में कई अरमान पाले हुए थे। उन्हें उम्मीद थी कि उनका बेटा पढ़ लिखकर कोई बड़ा काम करेगा, लेकिन उसके एक कदम से पूरे घर में मातम पसर गया। दरअसल, बीते दिनों कई सारी छुट्टियां एक साथ आ गई थीं, लिहाजा मां ने उसे स्कूल जाने के लिए कहा। अरमान स्कूल ड्रेस में तैयार भी था, लेकिन उसका स्कूल जाने का मन नहीं था। मां ने जब उसे स्कूल जाने के लिए टोक दिया तो वो नाराज़ हो गया और साइकिल उठाकर घर से कहीं चला गया।

नहर में कूदे अरमान को बचाने की सारी कोशिशें बेकार
स्कूल जाने के डर से अरमान साइकिल उठाकर नहर की तरफ जाता है और छलांग लगाकर आत्महत्या कर लेता है। अरमान को बचाने के लिए आस पास के कई लोग भी आते हैं पर कोई बचा नहीं पाया और अरमान ने दम तोड़ दिया। अरमान के मामा बताते हैं कि अरमान का सपना भी बाहर जाकर काम करने का था। लेकिन उसके एक गलत कदम ने सब कुछ खत्म कर दिया। अरमान अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था। फिलहाल परिवार में मातम पसरा हुआ। अरमान के पिता विदेश में रहते हैं और वहां से परिवार के लिए पैसे भेजते हैं। अरमान के पिता पिछले कई सालों से पुर्तगाल में हैं और वहीं से वो पैसे भेजते हैं, जिससे घर का गुजारा चलता है। 

(रिपोर्ट- अमित भटनागर)

ये भी पढ़ें-

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।