1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणा में बदला वोटर लिस्ट रिवीजन का शेड्यूल, जानें कब जारी होगी फाइनल लिस्ट

हरियाणा में बदला वोटर लिस्ट रिवीजन का शेड्यूल, जानें कब जारी होगी फाइनल लिस्ट

 Reported By: Shoaib Raza Written By: Malaika Imam
 Published : Jul 14, 2026 02:57 pm IST,  Updated : Jul 14, 2026 03:09 pm IST

हरियाणा में मतदाता सूची पुनरीक्षण का संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है, जिसके तहत 15 जून से 24 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : FILE (PTI)

भारत निर्वाचन आयोग ने हरियाणा में चल रहे विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) का नया कार्यक्रम जारी किया है। यह बदलाव राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुरोध पर किया गया है। इस पुनरीक्षण के लिए 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि माना गया है।

नए कार्यक्रम के अनुसार, बूथ लेवल अधिकारी (BLO) 15 जून से 24 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इसी दौरान मतदान केंद्रों का युक्तिकरण और जरूरत के अनुसार पुनर्व्यवस्थीकरण का काम भी 24 जुलाई तक पूरा किया जाएगा।

3 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम सूची

निर्वाचन आयोग के मुताबिक, 31 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या किसी गलती को ठीक कराने के लिए दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी।

इन दावों और आपत्तियों की सुनवाई और निस्तारण 31 जुलाई से 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 3 अक्टूबर 2026 को हरियाणा की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।

आयोग ने सभी संबंधित अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम का पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है कि इस जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और सभी राजनीतिक दलों को भी लिखित रूप में नया कार्यक्रम उपलब्ध कराया जाए।

दिल्ली में 93% वोटर्स तक पहुंचे फॉर्म

बीते दिन चुनाव आयोग ने दिल्ली में जारी SIR अभियान को लेकर अपडेट दिया था। चुनाव आयोग के मुताबिक, दिल्ली में करीब 93% वोटर्स तक पहचान फॉर्म पहुंचाए जा चुके हैं। दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी ने 12 जुलाई को रात 8 बजे तक के आंकड़े जारी किए। इसके अनुसार, विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) के तीसरे चरण के तहत अब तक 1 करोड़ 35 लाख से ज्यादा (1,35,45,954) एन्यूमरेशन फॉर्म बांटे जा चुके हैं। दिल्ली में कुल 1 करोड़ 45 लाख से अधिक वोटर हैं, जिनमें से 93.35% लोगों तक यह फॉर्म पहुंच गया है। फॉर्म बांटने के बाद अब उन्हें कंप्यूटर पर दर्ज यानी डिजिटलाइज करने का काम भी शुरू हो गया है। अब तक 11 लाख 15 हजार से ज्यादा फॉर्म (11,15,950) यानी 7.69% फॉर्म डिजिटल किए जा चुके हैं।

ये भी पढ़ें-

1 जून से 13 जुलाई तक की मॉनसून रिपोर्ट... जानिए किन राज्यों में हुई बहुत कम बारिश और कहां हुई रिकॉर्डतोड़ बरसात; देखें पूरी लिस्ट

भोजशाला विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश, शुक्रवार की नमाज के लिए मुस्लिम पक्ष को मिलेगी खुली जगह

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।