फरीदाबाद: राजधानी दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपनी 18 महीने की बेटी को नाले में फेंक दिया। नाले में डूबने की वजह से बच्ची की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह बच्ची महिला की छठी बेटी थी। महिला ने दावा किया कि उसने यह अपराध गरीबी के कारण अपने परिवार का भरण-पोषण करने में असमर्थ होने के कारण किया। पुलिस ने रविवार को इस पूरी घटना के बारे में जानकारी दी।
जाली में फंसा था शव
पुलिस ने बताया कि मामला फरीदाबाद के धीरज नगर के पास 23 अप्रैल का है। इसकी जानकारी तब हुई जब दो स्कूली बच्चों ने नाले के किनारे लोहे की जाली में फंसी बच्ची का शव देखा। पुलिस ने बताया कि शव को निकाल लिया गया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले की जांच कर रही क्राइम ब्रांच की टीम को एक सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें बच्ची की मां उसे गोद में लेकर इलाके में घूमती नजर आई। हालांकि जब वह लौटी तो वह अकेले थी।
महिला ने कबूल किया अपराध
फिलहाल पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ करने पर महिला ने बच्ची को नाले में फेंकने की बात कबूल कर ली। आरोपी महिला की पहचान बिहार के मधुबनी की रहने वाली नीलम के रूप में हुई है। महिला फरीदाबाद में अपने पति संजय के साथ रहती थी। संजय यहां एक निजी कंपनी में काम करता है। फिलहाल बच्ची की डूबने की वजह से मौत हो गई है।
गरीबी के कारण नाले में फेंका
वहीं एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान महिला ने कहा कि बच्ची उसकी छह बेटियों में सबसे छोटी थी और गरीबी के कारण उसे यह अपराध करने के लिए मजबूर होना पड़ा। अधिकारी ने बताया, ''उसने बताया कि उसके परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है, और छह बेटियों के साथ, वह उनका ठीक से पालन-पोषण करने में असमर्थ थी।'' फिलहाल पुलिस की टीम सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें-