1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. महाशिवरात्रि पर कुश्ती दंगल के बीच पहलवान को गोलियों से भूना, बेटे से कहा- तू अभी जा, तेरा नंबर बाद में आएगा

महाशिवरात्रि पर कुश्ती दंगल के बीच पहलवान को गोलियों से भूना, बेटे से कहा- तू अभी जा, तेरा नंबर बाद में आएगा

 Published : Feb 27, 2025 12:50 pm IST,  Updated : Feb 27, 2025 12:50 pm IST

सोनीपत के गांव में महाशिवरात्रि पर्व पर आयोजित कुश्ती दंगल के बीच अखाड़ा संचालक राकेश राणा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दंगल में राकेश अपने बेटे आर्यन के साथ कुश्ती देखने गए थे।

wrestler rakesh rana- India TV Hindi
राकेश राणा की फाइल फोटो Image Source : SOCIAL MEDIA

महाशिवरात्रि पर हरियाणा के सोनीपत जिले के एक गांव में अज्ञात हमलावरों ने एक पहलवान की गोली मारकर हत्या कर दी। खरखौदा थाने के प्रभारी बीर सिंह ने बताया कि बुधवार को 40 वर्षीय पहलवान राकेश राणा कुंडल गांव में कुश्ती प्रतियोगिता देखने आया था, तभी शाम के समय यह घटना हुई। सिंह ने कहा कि राकेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद से ही परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

थाना प्रभारी ने कहा कि राकेश पिछले कई वर्षों से सोहाटी गांव में अखाड़े का संचालन कर रहा था। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

महाशिवरात्रि पर बेटे के साथ दंगल देखने आए थे राकेश

गांव सोहाटी के पहलवान राकेश राणा सोहटी धाम में अखाड़ा चलाते थे। वह गोहाना के गांव बनवासा में आर्यन के नाम से स्कूल और अकादमी भी चलाते थे। राकेश राणा बुधवार को गांव कुंडल के सरकारी स्कूल में महाशिवरात्रि पर आयोजित दंगल में अपने बेटे आर्यन के साथ कुश्ती देखने गए थे। उसका बेटा आर्यन भी पहलवान है।

हथियार लहराते हुए फरार हुए आरोपी

बुधवार शाम दंगल में 1000-1200 से अधिक लोग दंगल देख रहे थे। तभी बाइक पर सवार होकर दो युवक दंगल में पहुंचे। उन्होंने बेटे आर्यन की कुश्ती देखने को उठे राकेश पर फायरिंग कर दी। इस दौरान दो गोलियां राकेश के पेट में व एक चेहरे पर मुंह के पास लगी। इससे वह लहूलुहान होकर गिर गए। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर भीड़ के बीच हथियार लहराते हुए फरार हो गए।

परिवार के लोगों पर ही लग रहे हत्या के आरोप

अखाडा संचालक की गोली मारकर हत्या के मामले में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पिता पर हमला होता देख बेटा आर्यन भी अपने पिता को बचाने आया तो हमलावरों ने पिस्टल तानकर उससे कहा कि तू अभी जा, तेरा नंबर बाद में आएगा। राकेश अपने 10 वर्षीय बेटे आर्यन को दंगल में कुश्ती लड़वाने के लिए लेकर पहुंचे थे। राकेश की हत्या के आरोप परिवार के लोगों पर ही लग रहे हैं। परिजनों ने प्लॉट के विवाद में हत्या करने के आरोप लगाए हैं। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

पति ने किया पत्नी के बॉस का अपहरण, वाइफ ने कंपनी से 174 करोड़ रुपये चुराए, फिर खरीद डाले कई लग्जरी आइटम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।