1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. सिर्फ जोड़ों में दर्द ही नहीं, कैल्शियम की कमी होने पर शरीर में ये लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं

सिर्फ जोड़ों में दर्द ही नहीं, कैल्शियम की कमी होने पर शरीर में ये लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं

 Written By: Vanshika Saxena
 Published : Nov 20, 2025 04:36 pm IST,  Updated : Nov 20, 2025 04:36 pm IST

Calcium Deficiency: क्या आप जानते हैं कि कैल्शियम की कमी की वजह से आपको जोड़ों के दर्द के अलावा भी कुछ दूसरे लक्षण महसूस हो सकते हैं?

कैल्शियम की कमी- India TV Hindi
कैल्शियम की कमी Image Source : FREEPIK

ज्यादातर लोगों को लगता है कि जब शरीर में कैल्शियम की कमी पैदा होती है, तब सिर्फ मांसपेशियों में ऐंठन या फिर अकड़न या फिर जोड़ों में दर्द की समस्या का सामना करना पड़ता है। अगर आपको भी यही लगता है, तो आपको जल्द से जल्द अपनी इस गलतफहमी को दूर कर लेना चाहिए क्योंकि इस पोषक तत्व की कमी की वजह से शरीर में कुछ दूसरे लक्षण भी दिखाई देते हैं। आइए ऐसे ही कुछ लक्षणों के बारे में जानकारी हासिल करते हैं।

कैल्शियम की कमी- शरीर में कैल्शियम की कमी पैदा होने पर नसों पर भी बुरा असर पड़ता है। अगर आपके हाथों, पैरों और मुंह के आसपास सुन्नपन या फिर झुनझुनी महसूस हो रही है, तो हो सकता है कि आपके शरीर में इस पोषक तत्व की कमी हो। कैल्शियम की कमी के कारण आपको हर समय थकान और कमजोरी महसूस हो सकती है यानी ऊर्जा की कमी महसूस होने पर आपको सावधान हो जाना चाहिए।

हो जाएं सावधान- आपकी जानकारी के लिए बता दें कि नाखूनों पर भी कैल्शियम की कमी के संकेत दिखाई दे सकते हैं। नाखूनों पर सफेद धब्बे दिखाई देना या फिर नाखूनों का आसानी से टूट जाना, इस तरह के लक्षण इस पोषक तत्व की कमी की तरफ इशारा कर सकता है। कैल्शियम की कमी के कारण मसूड़ों में सूजन हो सकती है या फिर आपके दांत जल्दी सड़ सकते हैं।

गौर करने वाली बात- अगर आप इस पोषक तत्व की कमी को दूर करना चाहते हैं, तो आपको अपने डाइट प्लान में कैल्शियम से भरपूर खाने-पीने की चीजों को शामिल कर लेना चाहिए। दूध, दही और पनीर का सेवन करके इस पोषक तत्व की कमी को दूर किया जा सकता है। टोफू, हरी पत्तेदार सब्जियां, बादाम, तिल, रागी जैसे फूड्स में भी कैल्शियम की अच्छी खासी मात्रा पाई जाती है। हालांकि, सही मात्रा में और सही तरीके से ही इन सुपर फूड्स को कंज्यूम करना चाहिए।

डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।