1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. क्या गर्मी में लौंग खा सकते हैं, जानिए कैसी होती है इसकी तासीर, क्या हैं लौंग खाने के फायदे

क्या गर्मी में लौंग खा सकते हैं, जानिए कैसी होती है इसकी तासीर, क्या हैं लौंग खाने के फायदे

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Mar 26, 2026 06:54 am IST,  Updated : Mar 26, 2026 06:54 am IST

Laung Cloves Benefits: लौंग काफी फायदेमंद मसाला है लेकिन क्या इसका सेवन गर्मी में किया जा सकता है। आइये जानते हैं आयुर्वेद के मुताबिक लौंग की तासीर क्या है और इससे क्या फायदे मिलते हैं।

क्या गर्मी में लौंग खा सकते हैं? - India TV Hindi
क्या गर्मी में लौंग खा सकते हैं? Image Source : FREEPIK

भारतीय रसोई में ऐसे कई मसाले मिल जाएंगे जो दिखने में छोटे लेकिन सेहत के लिए बड़े कमाल के हैं। ऐसा ही एक छोटा सा मसाला लौंग है, जी हां खड़े मसाले में इस्तेमाल होने वाली लौंग, जिसकी तासीर गर्म होती है और इसलिए सर्दी के मौसम में इसका प्रयोग बढ़ जाता है। यह लौंग आपके भोजन का स्वाद बढ़ाती है और सर्दी जुकाम या दांत के दर्द में बहुत फायदेमंद होती है। लेकिन अक्सर यह सवाल सामने आता है कि क्या गर्मी में लौंग खा सकते हैं? आइए जानते हैं क्या कहता है आयुर्वेद।

आयुर्वेदिक डॉक्टर चंचल शर्मा (आशा आयुर्वेदा की डायरेक्टर और स्त्री रोग विशेषज्ञ) ने बताया कि लौंग खाने से शरीर को क्या फायदे मिलते हैं और क्या गर्मी में इसका सेवन किया जा सकता है। 

लौंग की तासीर कैसी होती है?

आयुर्वेद में लौंग को गर्म तासीर का मसाला माना गया है लेकिन इसके बावजूद यह गर्मी के मौसम में कई बीमारियों में राहत दिलाता है। ठंड में लौंग का प्रयोग तो सभी करते हैं लेकिन क्या गर्मी में इसका प्रयोग करना सही रहेगा यह जानना बहुत जरूरी है। गर्म तासीर की होते हुए भी लौंग आपके स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद है और गर्मी में इसका प्रयोग अलग तरीके से संतुलित मात्रा में किया जा सकता है। 

लौंग के फायदे 

लू और गर्मी से बचाए- लौंग को आयुर्वेद में देवपुष्प कहा गया है जो गर्म तासीर की होते हुए भी सही तरीके से इस्तेमाल किए जाने पर लू और गर्मी के कारण होने वाली अन्य समस्या में असरदार औषधि का काम कर सकती है। लौंग शरीर में बढ़े हुए कफ और पित्त को नियंत्रित करती है। 

ब्लड सर्कुलेशन और आंखों के लिए फायदेमंद- इसके सेवन से रक्त का प्रवाह अच्छा होता है और शरीर का तापमान भी नियंत्रित रहता है। लौंग के अन्य फायदों से तो आप भली भांति परिचित होंगे, लेकिन क्या आप जानते हैं कि लौंग आपकी आंखों के लिए भी बहुत फायदेमंद है। 

मुंह की बदबू और बैक्टीरिया दूर करे- जिन लोगों को गर्मी में मुंह सूखने की समस्या होती है वह लौंग का सेवन कर सकते है इससे मुंह में लार बनेगा और डिहाइड्रेशन की समस्या से राहत मिलेगी। गर्मी के मौसम में मुंह के अंदर बैक्टीरिया का प्रकोप बढ़ जाता है जिसके कारण बदबू आती है इसलिए आप लौंग को माउथ फ्रेशनर की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे बैक्टीरिया नहीं पनपता है और मुंह की गंध भी चली जाती है। 

खाना पचाने में असरदार- लौंग के सेवन से आपकी जठराग्नि तीव्र होती है और खाना आसानी से पचता है। इसके सेवन से पेट की अन्य समस्या में भी आराम मिलता है।  लौंग में एक यौगिक मौजूद होता है जिसे यूजीनॉल कहा जाता है। यह हर मौसम में आपके शरीर के लिए फायदेमंद है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।