मोटापा आज के समय में बहुत कॉमन प्रॉब्लम है। कई लोग इस समस्या से परेशान हैं, ऐसे में लोग तेजी से वजन कम करना चाहते हैं। इसके लिए लोग शॉर्टकट भी अपनाते हैं। वहीं कुछ लोग तेजी से वजन घटाने के लिए रोजाना खूब चलते हैं। वजन घटाने के लिए लोग टारगेट तक सेट करते हैं। ज्यादातर लोगों का गोल एक हफ्ते में 5 किलो वजन घटाना होता है। लेकिन सवाल ये है कि क्या एक हफ्ते में 5 किलो वजन घटाया जा सकता है और अगर घटाया जा सकता है तो इसका शरीर पर क्या असर होता है। डॉ दीक्षा सहवाग, वरिष्ठ आहार विशेषज्ञ, फोर्टिस अस्पताल, मानेसर बता रही हैं कि एक हफ्ते में 5 किलो वजन कम करना सेफ है या नहीं।
क्या कहती हैं डाइटिशियन
एक हफ्ते में 5 किलो वजन घटाने के लिए बहुत बड़ा कैलोरी डेफिसिट चाहिए, जिसे केवल पैदल चलकर एक सप्ताह में हासिल करना अधिकांश लोगों के लिए संभव नहीं है और ऐसा करना कमजोरी, डिहाइड्रेशन और मांसपेशियों की कमजोरी को बढ़ा सकता है। एक स्वस्थ वयस्क के लिए शुरुआत में प्रतिदिन 5–7 किलोमीटर या लगभग 7,000–10,000 कदम चलना एक लक्ष्य हो सकता है। लेकिन कैलोरी बर्न व्यक्ति के वजन, चलने की गति, उम्र, फिटनेस और स्वास्थ्य स्थिति पर निर्भर करता है। वजन घटाने में केवल वॉकिंग नहीं, बल्कि कैलोरी-कंट्रोल, संतुलित आहार, पर्याप्त प्रोटीन, नींद और फिजिकल एक्टिविटी जरूरी है।
वेट लॉस का सही तरीका
अगर आप हेल्दी तरीके से वजन घटाना चाहते हैं तो हफ्ते में लगभग 0.5–1 किलो वजन घटाना सेफ हो सकता है। 5 किलो वजन एक महीने या कुछ हफ्तों के अंदर घटाना स्वास्थ के लिए भी सेफ होता है। अगर आप एक हफ्ते में 5 किलो वजन घटाते हैं तो इसका असर आपकी ओवरऑल हेल्थ पर भी पड़ सकता है। अगर आप वॉक करके वजन घटाना चाहते हैं तो इसके साथ आपको अपनी डाइट में चीनी, मीठे पेय, तले हुए खाद्य पदार्थ और ज्यादा प्रोसेस्ड फूड कम करे तथा सब्जियां, फल, साबुत अनाज और पर्याप्त प्रोटीन शामिल करे। डॉ दीक्षा सहवाग कहती हैं कि मेरी सलाह है कि किलोमीटर की संख्या के बजाय स्थिरता पर ध्यान दें। रोज 30–60 मिनट ब्रिस्क वॉक से शुरुआत करें और अपनी क्षमता के अनुसार धीरे-धीरे इसे बढ़ाएं।
| ये भी पढ़ें: |