1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. अगर कोरोना वायरस की दवा नहीं है तो लोग ठीक कैसे हो रहे हैं? ...यहां पढ़ें ऐसे ही कई सवाल के जवाब

अगर कोरोना वायरस की दवा नहीं है तो लोग ठीक कैसे हो रहे हैं? ...यहां पढ़ें ऐसे ही कई सवाल के जवाब

 Written By: India TV Lifestyle Desk
 Published : Apr 12, 2020 02:06 pm IST,  Updated : Apr 12, 2020 03:09 pm IST

कोरोना वायरस करीब 190 देशों में फैल चुका है। हर जगह इसका इलाज ढूंढा जा रहा है। ऐसे में इस वैश्विक महामारी से जुड़े कई सवाल लोगों के मन में उठ रहे हैं।

Coronavirus latest news- India TV Hindi
कोरोना वायरस करीब 190 देशों में पैर पसार चुका है Image Source : TWITTER: ANI

कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया में कहर ढाया हुआ है। इस घातक महामारी से लाखों लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि हजारों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। लगभग सभी देश कोविड-19 को खत्म करने के लिए इसका इलाज ढूंढ रहे हैं। लोगों से घरों में रहने की अपील की जा रही है, ताकि इसे फैलने से रोका जा सके। इस बीच लोगों के मन में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। कुछ ये कहते नज़र आते हैं कि नीम की पत्ती खाने से इस संक्रमण से बच सकते हैं तो कोई ये पूछ रहा है कि क्या सिगरेट के धुएं से भी कोरोना फैलता है। अगर आपके मन में भी कोरोना वायरस से जुड़े कुछ सवाल जहन में हैं तो शायद आपके जवाब यहां मिल सकते हैं।

आकाशवाणी समाचार ने ट्विटर अकाउंट पर कोरोना वायरस से जुड़े कई सवालों के जवाब दिए हैं। आरएमएल (नई दिल्ली) अस्पताल के डॉक्टर एके वार्ष्णेय ने कई सारे भ्रमों और मिथकों को तोड़ते हुए सही जानकारी दी है, ताकि लोग जागरुक हो सकें।

सवाल: जो लोग कोरोना से संक्रमित होने के बाद ठीक हो गए हैं, उन्हें क्या सावधानी बरतनी है?

जवाब: जो लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए और ठीक होकर अस्पताल से घर आ गए हैं, उन्हें भी उतनी ही सावधानी बरतनी है, जितनी बाकियों को। अभी लॉकडाउन जारी है। इसका मतलब बाहर संक्रमण का खतरा है। इसलिए यह मत सोचिए कि आप दवाईयां ले चुके हैं तो आप संक्रमित नहीं होंगे।

सवाल: अगर कोरोना वायरस की दवा नहीं है तो लोग ठीक कैसे हो रहे हैं ?

जवाब: जी हां, अभी वायरस की कोई दवा नहीं है। इसके जो अलग-अलग लक्षण हैं, उनकी दवा दी जाती है। जैसे- बुखार आदि की। लेकिन वायरस के संक्रमण के अधिकतर रोगी खुद से ही ठीक हो जाते हैं। इसलिए इस वायरस से बचने के लिए फिलहाल एक मात्र दवा है- घर में रहें और सामाजिक दूरी रखें।

सवाल: क्या सिगरेट के धुएं से भी वायरस का खतरा है?

जवाब: कोरोना वायरस का संक्रमण सिगरेट के धुएं से नहीं होता, लेकिन उसका धुआं फेफड़े को खराब करता है। अगर कोई ज्यादा सिगरेट पीता है तो उसका फेफड़ा कमजोर होगा और उसे वायरस के संक्रमण का ज्यादा खतरा है। क्योंकि अधिकतर जिसके फेफड़े कमजोर या खराब हैं या जो किसी भी तरह का धूम्रपान करता है, उसमें संक्रमण जल्दी फैलने का खतरा है।

सवाल: क्या नीम की पत्ती खाने से कोरोना वायरस के संक्रमण से बच सकते हैं?

जवाब: अलग-अलग रोगों से बचने के लिए, आयुर्वेद में बहुत सी चीजें खाने के बारे में कहा जाता रहा है, लेकिन कोरोना वायरस से बचने के लिए ये चीजें कितना असर डालेंगी, ये शोध के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल इसके कोई प्रमाण नहीं है।

सवाल: क्या घर के अंदर मास्क लगाना जरूरी है?

जवाब: अगर घर के अंदर हैं और परिवार में कोई संक्रमित नहीं है तो मास्क लगाने की जरूरत नहीं है, लेकिन बाहर जाएं तो मास्क जरूर लगा लें।

सवाल: क्या दूसरे के मास्क का इस्तेमाल कर सकते हैं?

जवाब: नहीं, ऐसा बिल्कुल भी नहीं करें। एक घर में रहने वाले लोग एक-दूसरे के मास्क का प्रयोग ना करें। भले ही संक्रमण नहीं हो। अभी तो वायरस का प्रकोप है। आम दिनों में भी लोगों को कहा जाता है कि एक-दूसरे का तौलिया, कपड़े बिना धुले ना प्रयोग करें। मास्क की बात है तो घर में आसानी से सबके लिए मास्क बना सकते हैं। कुछ नहीं तो रुमाल से ही नाक और मुंह कवर करें। सिर्फ ध्यान रखना है कि उसकी परत मोटी हो।

सवाल: नोट और सिक्के पर वायरस कितने दिन तक जिंदा रह सकता है?

जवाब: कोरोना वायरस महामारी 190 देशों में फैल चुकी है, लेकिन अभी तक खाद्य पदार्थों और नोटों से फैलने की बात सामने नहीं आई है, लेकिन फिर भी एहतियात के तौर पर इससे बचने की सलाह दी जा रही है। ऑनलाइन पेमेंट कर सकते हैं, लेकिन अगर नोट से ही करना है तो नोट को बटुआ या पर्स में नहीं रखें। किसी पन्नी में रखकर ले जाएं और दुकानदार जब पैसे वापस दे तो उसी पन्नी में डलवा लें और आने के बाद हाथ जरूर धुलें। संभव हो तो साथ में सैनिटाजइर भी रखें और नोट पकड़ने से पहले हाथ में लगा लें। 

सवाल: हाथ में वायरस कितने समय तक एक्टिव रहता है?

जवाब: हाथ में कितने समय तक कोरोना वायरस जिंदा रहता है, अभी यह शोध में सामने नहीं आया है। लेकिन अगर मानें तो करीब 4-5 घंटे तक ये जिंदा रह सकता है। इतने घंटों में हमारा हाथ, नाक और मुंह के पास ना जाए, ये संभव नहीं है। इसलिए अगर बाहर हैं तो हाथ जरूर धोएं। 

इसके अलावा और भी सवालों के जवाब दिए गए हैं, जिन्हें आप यहां पढ़ सकते हैं:

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।