कई बार खाना खाने के बाद पेट में गैस बन जाती है जिससे भारीपन महसूस होने लगता है। यह स्थिति तब और भी खतरनाक हो जाती है जब और गैस के साथ सीने में जलन, खट्टी डकार आने लगे। अगर आपको भी रह रहकर इस समस्या का सामना करना पड़ता है तो यह लेख आपके लिए है। पुणे स्थित इनामदार मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल की इंटरनल मेडिसिन स्पेशलिस्ट और जनरल फिजिशियन डॉक्टर शालिनी सिंह सालुंखे ने अपने यू ट्यूब पर वीडियो शेयर कर बताया है कि किन चीजों का सेवन करने से एसिडिटी और ब्लोटिंग से राहत मिल सकती है? तो चलिए जानते हैं वे कौन सी चीजें हैं?
गैस और ब्लोटिंग से राहत पाने के लिए आज़माए ये नुस्खे
-
अदरक का पानी: अदरक का पानी पाचन संबंधी परेशानी कम करने में मदद कर सकता है। इसे बनाने के लिए एक कप पानी में अदरक के कुछ टुकड़े डालकर उबालें और गुनगुना होने पर पिएं।
-
सौंफ का पानी: सौंफ का इस्तेमाल पाचन संबंधी समस्याओं में किया जाता है। इसे बनाने के लिए एक चम्मच सौंफ को एक कप पानी में उबालें, फिर छानकर पिएं।
-
केला: केला फाइबर का अच्छा स्रोत है और इसे संतुलित डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है। इसमें मौजूद फाइबर मल त्याग को नियमित रखने में मदद करता है।
-
जीरे का पानी: जीरे का पानी कुछ लोगों को पेट के भारीपन में राहत महसूस कराने में मदद कर सकता है। इसे बनाने के लिए एक कप पानी में आधा चम्मच जीरा डालकर उबालें और छानकर पिएं।
-
कैमोमाइल टी: कैमोमाइल टी एक हर्बल चाय है, जिसे पीने से आराम महसूस हो सकता है। कुछ लोग इसे खाने के बाद होने वाले पेट के भारीपन और पाचन संबंधी परेशानी में आजमाते हैं।
इसके अलावा गैस और ब्लोटिंग से राहत पाने के लिए धीरे-धीरे खाएं, भोजन के बाद 10–15 मिनट हल्की सैर करें और खाने के तुरंत बाद न लेटें साथ ही रात को 7 बजे से पहले खाना खाएं।
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)