1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. बदलते मौसम में बुखार और शरीर दर्द? न करें नजरअंदाज, हो सकता है डेंगू का इशारा, तुरंत करें डॉक्टर से संपर्क

बदलते मौसम में बुखार और शरीर दर्द? न करें नजरअंदाज, हो सकता है डेंगू का इशारा, तुरंत करें डॉक्टर से संपर्क

 Written By: Ritu Raj
 Published : Oct 03, 2026 02:31 pm IST,  Updated : Oct 03, 2026 02:31 pm IST

बदलते मौसम में होने वाले बुखार को ज्यादातर लोग आम समझते हैं। लेकिन हर बारये आम बुखार नहीं हो सकता है। इसे हर बार नज़रअंदाज करना आपकी सेहत पर बुरा असर डाल सकता है। ऐसे में यहां जान लें कब डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

 बदलते मौसम में बुखार और शरीर दर्द? न करें नजरअंदाज, हो सकता है डेंगू का इशारा- India TV Hindi
बदलते मौसम में बुखार और शरीर दर्द? न करें नजरअंदाज, हो सकता है डेंगू का इशारा Image Source : MAGNIFIC

बदलते मौसम में सर्दी-जुकाम बुखार और शरीर दर्द होना आम बात है। लेकिन हर बार इसे मौसम का असर समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। खासकर तब जब बुखार अचानक तेज हो, शरीर में तेज दर्द, सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, बहुत ज्यादा कमजोरी या भूख कम लगने जैसी समस्या हो। इस तरह के लक्षण डेंगू की तरफ भी इशारा करते हैं। हालांकि, ये लक्षण दूसरी वायरल बीमारियों में भी हो सकते हैं, इसलिए केवल लक्षणों के आधार पर डेंगू की पुष्टि नहीं की जा सकती। ऐसे में डॉ. हतिंदर जीत सिंह सेठी, डायरेक्टर, इंटरनल मेडिसिन विभाग,फोर्टिस हॉस्पिटल, मानेसर, गुड़गांव बता रहे हैं कि कब डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। 

कब करें डॉक्टर से संपर्क

अगर बुखार दो-तीन दिनों से ज्यादा हो तो या लक्षण बढ़ रहे हैं, तो डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। डॉक्टर जरूरत के मुताबिक ब्लड टेस्ट की सलाह दे सकते हैं। डेंगू की पुष्टि के लिए बीमारी के शुरुआती दिनों में NS1 एंटीजन टेस्ट और बाद में एंटीबॉडी टेस्ट किए जा सकते हैं। प्लेटलेट्स की संख्या और शरीर में पानी की कमी की भी निगरानी की जाती है। डेंगू के दौरान पर्याप्त आराम और पानी पीना बहुत जरूरी है। पानी के साथ नारियल पानी, ORS और दूसरे तरल पदार्थ लिए जा सकते हैं ताकि शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी न हो। वहीं बुखार के लिए डॉक्टर की सलाह से पैरासिटामोल लिया जा सकता है। बिना डॉक्टर की सलाह के एस्पिरिन, आइबुप्रोफेन या दूसरी पेनकिलर्स नहीं लेनी चाहिए, क्योंकि डेंगू में ब्लीडिंग का खतरा बढ़ सकता है।

अगर नाक या मसूड़ों से खून आए, लगातार उल्टी, पेट में तेज दर्द, सांस लेने में परेशानी, बहुत ज्यादा कमजोरी, बेचैनी, नींद या चक्कर आने जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। डेंगू में बुखार कम होने के बाद भी सावधानी जरूरी है, क्योंकि इस समय कुछ मरीजों में कॉमप्लिकेशन हो सकते हैं। इसलिए बदलते मौसम में तेज बुखार और शरीर दर्द को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर डॉक्टर से संपर्क करना और जरूरत पड़ने पर जांच करवाना बेहतर है।

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।