1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. फैटी लिवर शरीर के लिए बन जाता है मकड़जाल, जानिए कैसे एक एक करके सारे अंगों को कर सकता है डैमेज

फैटी लिवर शरीर के लिए बन जाता है मकड़जाल, जानिए कैसे एक एक करके सारे अंगों को कर सकता है डैमेज

 Written By: Bharti Singh
 Published : Sep 24, 2024 10:01 am IST,  Updated : Sep 24, 2024 10:01 am IST

Fatty Liver: फैटी लिवर की समस्या को हल्के में लेना खतरनाक साबित हो सकता है। ये एक बीमारी आपको कई दूसरी बीमारियों के जाल में फंसाती है। फैटी लिवर डायबिटीज से लेकर हार्ट अटैक तक का खतरा पैदा करता है। इसलिए समय रहते जान लें कि फैटी लिवर आपके लिए कितना खतरनाक है और इससे कौन सी बीमारियां हो सकती हैं?

फैटी लिवर की बीमारी- India TV Hindi
फैटी लिवर की बीमारी Image Source : FREEPIK

आजकल ज्यादातर लोग फैटी लिवर की समस्या से परेशान हैं। डॉक्टर के पास भी जाएं तो उनका कहना है कि हर 10 में से 8 को फैटी लिवर है, लेकिन फैटी लिवर को हल्के में लेना आपकी सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। फैटी लिवर का कारण खराब लाइफस्टाइल को माना जाता है। जिसमें अनहेल्दी खाना, कम वर्कआउट और शराब सिगरेट ज्यादा पीने से फैटी लिवर की समस्या होती है। फैटी लिवर सिर्फ एक बीमारी नहीं बल्कि मकड़जाल है जिसमें हमारे शरीर के सारे अंग एक एक करके फंसते जाते हैं। जानिए कैसे फैटी लिवर हार्ट से लेकर किडनी और दिमाग के फंक्शन तक को प्रभावित करता है।  

फैटी लिवर है कितना खतरनाक?

भारत के जाने माने गैस्ट्रोएंटरोलॉजी एक्सपर्ट डॉक्टर सरीन का कहना है अगर लिवर में 5 प्रतिशत से ज्यादा फैट आ गया तो समझ लें फैटी लिवर की समस्या हो गई। अब ये समझना जरूरी है कि फैटी लिवर के क्या मायने हैं? दरअसल लिवर का एक सेल है आप जो भी खाते हैं उसको इंसुलिन पचाती है और शुगर को एनर्जी में बदलती है अगर लिवर में फैट आ गया तो इंसुलिन सेल के अंदर जाने में परेशानी होती है। ऐसे में शरीर को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है और शरीर को और ज्यादा इंसुलिन चाहिए। इसके लिए पैनक्रियाज को और ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी। जब पैनक्रियाज 5-10 साल तक रोज ज्यादा इंसुलिन बनाएगा। धीरे-धीरे जो पैनक्रियाज इंसुलिन बनाता है वो थक जाता है। अगर इंसुलिन सेल्स के अंदर नहीं पहुंची तो उस इंसान को एनर्जी नहीं मिलेगी।

डायबिटीज और हाई कोलेस्ट्रॉल का कारण है फैटी लिवर

जब पैनक्रियाज थक जाएगा और इंसुलिन नहीं बना पाएगा तो आप डायबिटीज के शिकार हो जाएंगे। इसलिए डायबिटीज एक लिवर डिजीज है। फैटी लिवर होने पर जब लिवर फैट से भर जाता है तो आपके ब्लड में कोलेस्ट्रॉल हाई आने लगता है। कुछ लोग कोलेस्ट्रॉल को घटाने की दवाएं खाने लग जाते हैं। 

हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा पैदा करता है फैटी लिवर

लेकिन सवाल ये है कि खून में हाई कोलेस्ट्रॉल क्यों हुआ? जब आपका लिवर फैट से भर गया तो वो फैट आपके खून में आ जाता है। वही फैट आपके खून में घूमता रहता है। वो फैट जब आर्टरीज में जमा हो जाता है तो आर्टरीज सख्त होने लगती है। फिर आपको इससे ब्लड प्रेशर की बीमारी हो जाती है। अगर ये फैट हार्ट में जाकर जमा हो जाता है तो हार्ट अटैक आ जाएगा। अगर दिमाग में ये फैट जमा हो गया तो ब्रेन स्ट्रोक का खतरा पैदा करेगा। गॉलब्लैडर में फैट गया तो वहां स्टोन बना देता है। किडनी में फैट गया तो किडनी फंक्शन पर असर हुआ। इसलिए फैटी लिवर शरीर में पनपने वाली सारी बीमारियों की मुख्य जड़ है।

लिवर को स्वस्थ कैसे रखें?

लिवर को हेल्दी रखने के लिए रोजाना 1 घंटे का व्यायाम जरूर करना चाहिए। इससे लिवर के फंक्शन में सुधार आता है और शरीर स्वस्थ रहता है। लिवर को हेल्दी बनाने के लिए फाइबर से भरपूर चीजें खाएं। डाइट में हरी सब्जियां शामिल करें। खाना हमेशा भूख से थोड़ा कम खाएं। शराब और सिगरेट से दूर रहें। इससे लिवर पर बुरा असर पड़ता है।

(ये आर्टिकल सामान्य जानकारी के लिए है, किसी भी उपाय को अपनाने से पहले डॉक्टर से परामर्श अवश्य लें)

  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।