1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. अदरक पानी कितने दिन पीना चाहिए, तेजी से वजन घटाने में करता है मदद, जान लें इसके फायदे और नुकसान

अदरक पानी कितने दिन पीना चाहिए, तेजी से वजन घटाने में करता है मदद, जान लें इसके फायदे और नुकसान

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Jan 16, 2026 07:44 am IST,  Updated : Jan 16, 2026 07:44 am IST

Ginger Water Benefits: अदरक सिर्फ चाय या सब्जी का स्वाद ही नहीं बढ़ाता बल्कि कई बीमारियों को दूर भगाने का काम भी करता है। अदरक का पानी पीने से वजन कम होता है। जान लें कब और कितने दिन पीना चाहिए अदरक का पानी?

वजन घटाने के लिए अदरक का पानी- India TV Hindi
वजन घटाने के लिए अदरक का पानी Image Source : FREEPIK

सर्दियों में अदरक का सीजन होता है। चाय से लेकर सब्जी तक का स्वाद अदरक डालते ही बढ़ जाता है। अदरक (Ginger) को मसाले के रूप में भी इस्तेमाल किया जाता है। पाचन तंत्र में सुधार लाने के लिए, वजन घटाने के लिए अदरक बहुत फायदेमंद साबित होती है। अदरक पानी के सेवन से इम्युनिटी बूस्ट होती है और शरीर डिटॉक्स होता है। हालांकि अदरक का पानी कब और कितनी मात्रा में पीना चाहिए, ये जानना भी आपके लिए जरूरी है। आयुर्वेदिक डॉक्टर चंचल शर्मा (डायरेक्टर, आशा आयुर्वेद और स्त्री रोग विशेषज्ञ) ने बताया अदरक का पानी कितने दिन पीना चाहिए?

अदरक का पानी  कैसे बनाएं?

अगर आप अदरक पानी का सेवन करना चाहते हैं तो पहले इसे तैयार करने का सही तरीका जानना बहुत जरूरी है। पहले ताजा अदरक लें और उसको पानी में उबाल लें। इसके बाद पानी को छान लें और हल्का गुनगुना ही पी लें। अदरक पानी के सेवन से शरीर में गर्मी आती है और मेटाबॉलिज़्म एक्टिव रहता है। अदरक पानी का ज्यादा फायदा लेने के लिए आप इसे सुबह खाली पेट पीएं।

अदरक पानी के फायदे

  • पाचन में सुधार- अदरक पानी से पेट की समस्या जैसे- गैस, कब्ज और अपच में राहत मिलती है।
  • वजन घटाने में मदद- अदरक से फैट बर्न होता है और आपको वजन घटाने में मदद मिलती है। 
  • इम्युनिटी बढ़ाए- अदरक पानी की तासीर गर्म होती है जिसकी वजह से यह सर्दी-खांसी की  समस्या में राहत दिलाता है और इंफेक्शन को कम करता है।
  • सूजन और दर्द में राहत- अदरक में मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण सूजन और दर्द को कम करने में मदद करते हैं।
  • ब्लड सर्कुलेशन बेहतर- अदरक पानी से आपका ब्लड सर्कुलेशन सही रहता है और शरीर में ऊर्जा बनी रहती है।

अदरक पानी कितने दिन पीना चाहिए?

अदरक पानी कितने दिनों तक पीना चाहिए, यह आपके शरीर और जरूरतों पर निर्भर करता है। आप किस उद्देश्य से इसे पीना चाहते हैं वह भी एक बड़ा कारक हो सकता है। 

स्वस्थ रहने के लिए- अगर आप अदरक पानी को सामान्य स्वास्थ्य लाभ के उद्देश्य से पीना चाहते हैं तो लगातार 15–20 दिन तक इसे पी सकते हैं। इसके बाद दुबारा शुरू करने से पहले कुछ दिन का ब्रेक लेना बहुत जरूरी है। 

वजन घटाने के लिए- वजन घटाने के लिए आप लगातार 21–30 दिन तक अदरक पानी पी सकते हैं। इसे दोबारा शुरू करने के लिए कुछ दिन का ब्रेक लें।

इम्युनिटी बूस्ट करने के लिए- अगर आप रोजाना एक सीमित मात्रा में अदरक पानी का सेवन करते हैं तो आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ जाती है। 

पाचन समस्या या सर्दी-खांसी में- अदरक पानी से पाचन तंत्र में सुधार होता है और पेट की अन्य समस्या में भी राहत मिलती है। इसकी गर्माहट सर्दी-जुकाम को कम करने में मदद करता है। इसके लिए आप लगातार 7–10 दिन तक इसका सेवन कर सकते हैं।

आयुर्वेद में बताया गया है कि किसी भी चीज से ज्यादा से ज्यादा फायदा लेने के लिए उसका सेवन एक सीमित मात्रा में ही करना चाहिए। किसी भी चीज की अधिक मात्रा हॉर्मोन्स को असंतुलित कर सकता है, इसलिए बीच-बीच में गैप रखना चाहिए।  

किन लोगों को नहीं पीना चाहिए अदरक का पानी?

गर्भवती महिलाओं या जिनके पेट में समस्या हो उन्हें अदरक पानी का सेवन बहुत सावधानी से करना चाहिए। इसकी अधिक मात्रा पेट में जलन, गैस या कब्ज का कारण बन सकता है। आप चाहें तो विशेषज्ञ की सलाह से ही इसका सेवन शुरू करें।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।