आजकल बड़ी संख्या में लोग नींद न आने की समस्या से परेशान हैं। घंटों फोन चलाने के बाद भी एक झपकी तक नहीं आती है। कुछ लोगों की नींद बार-बार खुल जाती है। कई बार घंटों पंखा और छट को घूरते रहने के बाद भी नींद नहीं आती है। अगर रात में नींद न आए तो सुबह आप बहुत थका हुआ और बेचैन महसूस करते हैं। अगर आपको भी जल्दी नींद नहीं आती है तो इसके लिए लाइफस्टाइल में कुछ बदलाव करने जरूरी हैं। इससे न सिर्फ नींद की क्वालिटी अच्छी होगी बल्कि जल्दी नींद भी आएगी।
इंस्टाग्राम र एनेस्थेसियोलॉजिस्ट और इंटरवेंशनल पेन मेडिसिन फिजिशियन डॉक्टर कुणाल सूद ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें नींद के लिए उन्होंने 4 उपाय शेयर किए हैं।
सोने से पहले गर्म पानी से नहाएं- डॉक्टर सूद ने बताया कि सोने से पहले गर्म पानी से नहाना अच्छा है। इससे शरीर का तापमान कंट्रोल होता है और नींद जल्दी आती है। नहाने के बाद शरीर से निकलने वाली गर्मी नींद आने के वक्त होने वाली नेचुरल टेंपरेचर में गिरावट के समान होती है, जिससे शरीर को आराम करने का संकेत मिलता है और नींद की क्वालिटी बेहतर होती है। गुनगुने पानी से नहाने से शरीर को रिलेक्स मिलता है, जिससे नींद आना आसान हो जाता है।
सोते समय मोजे पहनना- सोते समय मोजे पहनने से कुछ लोगों को जल्दी नींद आने में मदद मिल सकती है। हालांकि यह सभी के लिए कारगर नहीं हो सकता, लेकिन सिद्धांत यह है कि पैरों को गर्म रखने से रक्त वाहिकाएं फैलती हैं , जिससे ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और दिमाग को संकेत मिलता है कि अब आराम करने और सोने की तैयारी करने का समय है।
सुबह धूप लेना- सुबह के समय धूप में रहने से शरीर की सर्कैडियन लय को ठीक करने में मदद मिलती है । इससे शरीर का नेचुरल नींद-जागने का चक्र मजबूत होता है और रात में आसानी से नींद आने में मदद मिल सकती है।
भारी कंबल लेकर सोएं- अगर आपको चिंता और तनाव है जिससे आपकी नींद की समस्या रहती है तो इसके लिए भारी कंबल का इस्तेमाल करें। शरीर पर हल्का और समान दबाव डीप प्रेशर स्टिमुलेशन नामक मेडिकल तकनीक की तरह काम करती है, जिससे सेरोटोनिन और मेलाटोनिन का स्तर बढ़ सकता है और शरीर के तनाव हार्मोन कोर्टिसोल का स्तर कम हो सकता है। इससे जल्दी और अच्छी नींद आती है।
संपादक की पसंद