क्या आपको भी यही लगता है कि डायबिटीज होने पर सिर्फ मीठा या फिर चीनी का सेवन करने से परहेज करना चाहिए? अगर हां, तो आपको अपनी इस गलतफहमी को जल्द से जल्द दूर कर लेना चाहिए। आज हम आपको कुछ ऐसी खाने-पीने की चीजों के बारे में बताएंगे जो डायबिटीज पेशेंट्स की सेहत को बुरी तरह से प्रभावित कर सकती हैं। अगर आप डायबिटीज के मरीज हैं, तो आपको इस तरह की चीजों का सेवन करने से पहले कई बार सोच लेना चाहिए।
फ्राइड-प्रोसेस्ड फूड्स- मीठा और चीनी के अलावा फ्राइड-प्रोसेस्ड फूड्स भी डायबिटीज पेशेंट्स की सेहत को बुरी तरह से डैमेज कर सकते हैं। यानी आपको चिप्स और नमकीन से दूरी बना लेनी चाहिए। इसके अलावा समोसा, पिज्जा, बर्गर जैसे फास्ट फूड्स को भी डाइट प्लान से बाहर कर देने में ही समझदारी है। हैल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक डायबिटीज हो या न हो, फ्राइड-प्रोसेस्ड फूड्स सेहत को नुकसान ही पहुंचाते हैं।
किन फलों से करना चाहिए परहेज- आपकी जानकारी के लिए बता दें कि डायबिटीज से जूझ रहे मरीजों को कुछ फलों से परहेज करने की सलाह दी जाती है। आइए ऐसे ही कुछ फलों के बारे में जानते हैं। अगर आपको डायबिटीज है, तो आम, केला, चीकू, लीची और अंगूर जैसे फलों को अपने डाइट प्लान में शामिल नहीं करना चाहिए क्योंकि ये फल हाई ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले फल हैं। सैचुरेटेड फैट युक्त फुल क्रीम दूध, मक्खन, चीज और डालडा जैसी चीजें भी डायबिटीज पेशेंट्स की सेहत के लिए हानिकारक साबित हो सकते हैं।
मैदे से बना लीजिए दूरी- सफेद चावल, मैदा, सफेद ब्रेड और पास्ता जैसी चीजें डायबिटीज पेशेंट्स की सेहत को काफी ज्यादा नुकसान पहुंचा सकती हैं। मीठी चाय या फिर मीठी कॉफी को भी अपने डाइट प्लान से बाहर निकाल दीजिए। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि आपको आलू, शकरकंद और अरबी का सेवन भी कम कर देना चाहिए। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक इस तरह की खाने-पीने की चीजें तेजी से शुगर बढ़ा सकती हैं।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
संपादक की पसंद