1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. मानसून में नहीं पड़ना चाहते हैं बीमार, तो डाइट में शामिल करें विटामिन सी से भरपूर ये फूड्स, कम होगा वायरल इंफेक्शन का खतरा

मानसून में नहीं पड़ना चाहते हैं बीमार, तो डाइट में शामिल करें विटामिन सी से भरपूर ये फूड्स, कम होगा वायरल इंफेक्शन का खतरा

 Written By: Ritu Raj
 Published : Jul 18, 2026 06:30 am IST,  Updated : Jul 18, 2026 06:30 am IST

मानसून का मौसम आते ही सर्दी-खांसी, फ्लू और इन्फेक्शन का खतरा बढ़ जाता है। इनसे बचने के लिए लोग तमाम तरह के उपाय अपनाते हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि विटामिन सी से भरपूर फूड्स को अपनी डाइट में शामिल कर आप सर्दी-खांसी, जुकाम से बच सकते हैं।

मानसून में नहीं पड़ना चाहते हैं बीमार, तो डाइट में शामिल करें विटामिन सी से भरपूर ये फूड्स- India TV Hindi
मानसून में नहीं पड़ना चाहते हैं बीमार, तो डाइट में शामिल करें विटामिन सी से भरपूर ये फूड्स Image Source : MAGNIFIC

मानसून का मौसम भीषण गर्मी से राहत तो दिलाता है, लेकिन अपने साथ कई तरह की बीमारियां और वायरल इंफेक्शन भी लेकर आता है। इस मौसम में हवा में नमी बढ़ने के कारण बैक्टीरिया और वायरस तेजी से पनपते हैं, जिससे सर्दी-खांसी, जुकाम, फ्लू और पेट की गड़बड़ी जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। ऐसे में खुद को सेहतमंद रखने का सबसे अच्छा तरीका है अपनी इम्यूनिटी को मजबूत बनाना। इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए विटामिन सी को सबसे असरदार माना जाता है। यह एक पावरफुल एंटीऑक्सीडेंट है जो व्हाइट ब्लड सेल्स के निर्माण में मदद करती है और शरीर को संक्रमण से बचाती हैं। ऐसे में मानसून में वायरल इंफेक्शन के खतरे को कम करने के लिए आपको अपनी डाइट में विटामिन सी से भरपूर इन फूड्स को शामिल कर सकते हैं। 

1. खट्टे फल 

नींबू, संतरा, मौसमी और चकोतरा विटामिन सी के बेहतरीन स्रोत हैं। सुबह के समय गुनगुने पानी में नींबू का रस मिलाकर पीना या दिन में एक संतरा खाना आपकी विटामिन सी की जरूरत को पूरा कर सकता है। ये फल न सिर्फ संक्रमण से लड़ते हैं बल्कि पाचन क्रिया को भी दुरुस्त रखते हैं।

2. आंवला 
आयुर्वेद में आंवला को सुपरफूड माना गया है। इसमें किसी भी अन्य खट्टे फल की तुलना में 20 गुना अधिक विटामिन सी होता है। मानसून में रोजाना एक आंवला खाने या इसका जूस पीने से न सिर्फ इम्यूनिटी मजबूत होती है, बल्कि यह टॉक्सिन्स को शरीर से बाहर निकालने में भी मदद करता है।

3. अमरूद 
अक्सर लोग सोचते हैं कि केवल खट्टे फलों में ही विटामिन सी होता है, लेकिन अमरूद में संतरे से भी कहीं ज्यादा विटामिन सी पाया जाता है। इसके अलावा, इसमें डाइटरी फाइबर भरपूर मात्रा में होता है, जो मानसून के दौरान होने वाली पेट की समस्याओं से राहत दिलाता है।

4. कीवी 
कीवी एक ऐसा फल है जो पोषक तत्वों का पावरहाउस है। एक छोटे कीवी में ही आपकी दिनभर की जरूरत का विटामिन सी मिल जाता है। यह शरीर में सूजन को कम करता है और वायरल इंफेक्शन से बचाता है।

5. शिमला मिर्च 
सब्जियों में हरी, पीली और लाल शिमला मिर्च विटामिन सी का भंडार हैं। खासतौर पर लाल शिमला मिर्च में विटामिन सी की मात्रा बहुत ज्यादा होती है। इसे आप सलाद, सूप या सब्जी के रूप में खा सकते हैं।

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)

 
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।