मॉनसून सिर्फ रोजमर्रा की जिंदगी पर ही नहीं, सेहत पर भी भारी पड़ सकता है, क्योंकि बाढ़-बारिश से दूषित हुआ पानी बैक्टीरिया, इंफेक्शन, डायरिया, हेपेटाइटिस का खतरा बढ़ा देता है और तो और बरसात में हरियाली आंखों को तो राहत देती है, लेकिन कई बार आंखों की सेहत के लिए खतरा भी बन जाती है।
बारिश के दिनों में कंजक्टिवाइटिस,फंगल,वायरल, बैक्टीरियल इंफेक्शन और एलर्जी परेशानी बढ़ा देते हैं। ऐसे में आंखों में रेडनेस, ड्राईनेस, खुजली और दर्द झेलना पड़ता है। इसलिए इस मौसम में आंखों का ख्याल रखना बहुत जरूरी है। वैसे आई केयर तो हर मौसम में जरूरी है, क्योंकि मॉडर्न लाइफस्टाइल में तमाम ऐसी चीज़ें है जो आंखों की दुश्मन है। जैसे काम और पढ़ाई के लिए लंबे वक्त तक ऑनलाइन रहना, रेडिएशन और पॉल्यूशन, ग्लूकोमा। वहीं कैटरेक्ट और मायोपिया को नज़रअंदाज नहीं किया जा सकता। इन बीमारियों के बढ़ते मामले बड़ों के साथ साथ बच्चों की भी आंखों पर मोटा चश्मा चढ़ा रहे हैं।
अब जिन आंखों से हम दुनिया का हर रंग देखते हैं उनका ख्याल तो रखना पड़ेगा। आइये स्वामी रामदेव से जानते हैं कि आंखों के लिए कौन सा योग अच्छा है और आंखों को स्वस्थ रखने के लिए क्या उपाय करें।
आंखों की रोशनी बढ़ाने के उपाय
सुबह-शाम 30 मिनट प्राणायाम करें, अनुलोम-विलोम करें, 7 बार भ्रामरी करें। इसके अलावा महात्रिफला घृत रोजाना 1 चम्मच दूध के साथ पीएं। दिन में दो बार खाने के बाद इसे लेने से फायदा मिलेगा। नजर तेज करने के लिए किशमिश और अंजीर खाएं। बच्चों को रोजाना 7-8 बादाम पानी में भिगोकर खिलाएं। आयुर्वेद में बादाम, सौंफ और मिश्री को पीस कर पाउडर बनाकर खाना आंखों के लिए फायदेमंद माना जाता है। आप इसे रात को गर्म दूध के साथ लें।
आंखों की देखभाल कैसे करें
आंखों में गुलाब जल डालें, साफ पानी से आंखें धोएं, आलू के टुकड़े को आंखों पर रखें इससे आंखों को आराम मिलेगा। खीरा काटकर पलकों पर रख लें। इसके साथ ही कुछ घरेलू उपाय हैं जिससे आंखें साफ रहती हैं। इसके लिए 1 चम्मच सफेद प्याज़ का रस, 1 चम्मच अदरक नींबू का रस, 3 चम्मच शहद, 3 चम्मच गुलाब जल लें और सभी आंवले के रस में मिलाएं। इसमें से दो-दो बूंद सुबह शाम आंखों में डालें। इससे आंखों की कई समस्याएं दूर हो जाएंगी।
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)