मानसून का मौसम, गर्मी से ताज़गी भरी राहत लेकर आता है। लेकिन सेहत से जुड़ी कई समस्याएं भी इसके साथ आती हैं। वातावरण में बढ़ती नमी के कारण कई तरह के संक्रमणों का खतरा भी बढ़ जाता है। इन्हीं में से एक है आई इंफेक्शन जो बरसात के मौसम में तेज़ी से फैलने लगता है। इस दौरान हवा में मौजूद नमी, गंदगी, और बैक्टीरिया को पनपने का मौका मिल जाता है, जिससे आँखें लाल होने, खुजली होने और पानी आने जैसी समस्याएँ आम हो जाती हैं। इसलिए, हमें अपनी आँखों का ख़ास ख़याल रखना बेहद ज़रूरी हो जाता है।
किन कारणों से बारिश में आंखों में इंफेक्शन होता है?
ग्वालियर स्थित रतन ज्योति नेत्रालय के संस्थापक और निदेशक, एमबीबीएस, एमएस डॉ। पुरेंद्र भसीन कहते हैं कि वातावरण में नमी, गंदा पानी, और तेजी से बढ़ते बैक्टीरिया और वायरस आंखों को संक्रमित करते हैं।
आंखों की सही देखभाल
बारिश के मौसम में सबसे अधिक देखने को मिलने वाले संक्रमणों में कंजंक्टिवाइटिस (आंख आना), स्टाई (पलक पर फुंसी), एलर्जी और ड्राय आई प्रमुख हैं। इसलिए गंदे पानी और आंखों के संपर्क से बचें। भीगे हाथों या तौलिये से आंखें न पोंछें। बरसात में नमी से तौलिये या रूमाल में बैक्टीरिया पनप सकते हैं। ऐसे कपड़े से आंखें पोंछने पर संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।
हमेशा साफ और सूखे रूमाल या टिशू का उपयोग करें। एक रूमाल केवल एक व्यक्ति ही प्रयोग करे। गंदे हाथों से आंखों को छूने, गंदे पानी के संपर्क में आने, या फिर संक्रमित व्यक्ति के पास रहने से यह इन्फेक्शन फैल सकता है। इसके लक्षणों में आंखों में लालिमा, जलन, पानी आना, सूजन और दर्द शामिल हैं।
आंखों की केयर के लिए बरतें ये सावधानियां
इस मौसम में आंखों को सुरक्षित रखने के लिए कुछ सावधानियां बेहद जरूरी हैं। सबसे पहले, हाथों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और बिना हाथ धोए आंखों को बिल्कुल न छुएं। बारिश में भीगने पर आंखों को साफ पानी से धोएं और गंदा रुमाल या तौलिया इस्तेमाल न करें। अगर आप कॉन्टैक्ट लेंस का उपयोग करते हैं, तो उनकी सफाई और पहनने के नियमों का पूरी तरह पालन करें। कॉन्टैक्ट लेंस से पहले हाथ साफ करें। मानसून में वातावरण में नमी और बैक्टीरिया की अधिकता होती है, जिससे कॉन्टैक्ट लेंस पहनते समय संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। लेंस लगाने से पहले हाथ धोएं।
अगर आंखों में कोई भी लक्षण दिखाई दे तो आंखों में कोई भी दवा या ड्रॉप बिना डॉक्टर की सलाह के न डालें। संक्रमण की स्थिति में तुरंत नेत्र रोग विशेषज्ञ से संपर्क करें। मानसून में थोड़ी सी सावधानी आपकी आंखों को सुरक्षित रख सकती है और संक्रमण से बचा सकती है।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।