यूटीआई एक ऐसी समस्या है जो लाखों लोगों को प्रभावित करती है, लेकिन महिलाओं में यह विशेष रूप से ज़्यादा देखने को मिलती है। अगर समय रहते इसका इलाज न किया जाए तो यह किडनी तक फैलकर गंभीर स्वास्थ्य जटिलताएं पैदा कर सकता है। ऐसे में चलिए जानते हैं यूटीआई इंफेक्शन होने पर महिलाओं में कौन से लक्षण दिखते हैं
यूटीआई के कारण:
यूटीआई तब होता है जब मूत्राशय और इसकी नली बैक्टीरिया संक्रमित हो जाती है। इस समस्या के कुछ कारण है जैसे- लम्बे समय तक पेशाब रोके रखना, गर्भावस्था, रजोनिवृत्ति और शुगर।आधी महिलाओं के जीवन में कम से कम एक बार संक्रमण होता है
यूटीआई के लक्षण:
-
लगातार पेशाब आना: लगातार पेशाब आना यूटीआई का बहुत ही आम लक्षण है। यदि अचानक और बार-बार पेशाब करने की इच्छा हो, भले ही बहुत कम पेशाब निकले, तो यह मूत्राशय में जलन का संकेत हो सकता है। यह यूटीआई का शुरुआती संकेत हो सकता है।
-
बहुत ज़्यादा थकान: अगर लगातार थकान या ऊर्जा की कमी महसूस हो रही है, तो यह यूटीआई का एक संकेत हो सकता है। यहां तक कि हल्के संक्रमण भी शरीर की प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया को ट्रिगर कर सकते हैं, जिससे थकान महसूस होती है। यह शरीर की संक्रमण से लड़ने की कोशिश का एक संकेत है।
-
तेज़ गंध वाला पेशाब: जब पेशाब धुंधला दिखाई दे या उसमें गंध हो, तो यह यूटीआई का एक संकेत है। मूत्र के रंग-रूप और गंध में यह बदलाव दर्द या जलन महसूस होने से पहले ही हो सकता है।
-
पेल्विक में दर्द: पेट के निचले हिस्से या पेल्विक क्षेत्र में हल्का दर्द या भारीपन महसूस होना भी यूटीआई का संकेत हो सकता है। महिलाएं अक्सर इस सूक्ष्म संकेत को मासिक धर्म की ऐंठन या सामान्य सूजन समझकर अनदेखा कर देती हैं। यह मूत्राशय में संक्रमण के कारण होने वाला दबाव हो सकता है।
-
पीठ दर्द: पीठ के निचले हिस्से में, खासकर किडनी के पास लगातार दर्द होना इस बात का संकेत हो सकता है कि संक्रमण निचले मूत्र मार्ग से ऊपरी मूत्र मार्ग तक फैल रहा है। यदि इसका इलाज न किया जाए, तो यह गुर्दे को स्थायी नुकसान पहुंचा सकता है।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।