क्या आपको भी यही लगता है कि गठिया का दर्द सिर्फ बुढ़ापे में ही हो सकता है? अगर हां, तो आपको अपनी इस गलतफहमी को जल्द से जल्द दूर कर लेना चाहिए। आपको बता दें कि गठिया यानी अर्थराइटिस किसी भी उम्र में हो सकता है। क्या आप भी गठिया के लक्षणों के बारे में नहीं जानते हैं? आइए सेहत से जुड़ी इस समस्या के कुछ कॉमन लक्षणों के बारे में जानकारी हासिल करते हैं।
करना पड़ सकता है जॉइंट पेन का सामना
अक्सर लोग जॉइंट पेन की समस्या पर ज्यादा ध्यान नहीं देते हैं। जोड़ों का दर्द गठिया का संकेत साबित हो सकता है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि अगर आपको लगातार या फिर रुक-रुककर जोड़ों के दर्द की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, तो आपको सावधान हो जाना चाहिए और अपना चेकअप करवा लेना चाहिए वरना आपको लेने के देने भी पड़ सकते हैं।
जोड़ों में सूजन और लालपन
क्या आपको जोड़ों में सूजन महसूस हो रही है? अगर हां, तो ये लक्षण अर्थराइटिस की तरफ इशारा कर सकता है। इसके अलावा अगर आपको जोड़ों को छूने पर गर्माहट महसूस हो रही है, तो भी आपको गठिया की समस्या हो सकती है। क्या आपको जोड़ों में अकड़न भी महसूस होती है? आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ये लक्षण भी अर्थराइटिस का संकेत साबित हो सकता है। इसके अलावा जोड़ों के आसपास की त्वचा का लाल होना भी गठिया की तरफ इशारा कर सकता है।
भारी पड़ सकती है नजरअंदाज करने की गलती
गठिया की वजह से आपको थकान और कमजोरी भी महसूस हो सकती है। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक अगर आपको शरीर में एक साथ ये सभी लक्षण दिखाई दे रहे हैं, तो अर्थराइटिस होने की संभावना काफी हद तक बढ़ जाती है। इसलिए आपको बिना देरी किए अपनी जांच करवा लेनी चाहिए।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।