सूखी खांसी बहुत परेशान करती है। बस हर वक्त खांसते रहने का मन करता है। सूखी खांसी का बड़ा कारण वायरल संक्रमण, एलर्जी या प्रदूषण हो सकता है। खांसी से वैसे कोई बड़ी बीमारी नहीं है लेकिन लंबे समय तक बनी रहने पर चिंता की विषय हो सकती है। खांसी के साथ अन्य लक्षण भी दिखें तो सावधान हो जाना चाहिए। अगर सूखी खांसी हो रही है तो कुछ घरेलू उपायों से भी आराम मिल सकता है।
नेशनल सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी इंफॉर्मेशन (NCBI) के अनुसार, खांसी की वजहों में वायरल संक्रमण, एलर्जी, एसिड रिफ्लक्स और धूम्रपान शामिल हैं। खांसी में राहत पाने के लिए कई औषधीय जड़ी-बूटियां हैं जिनका इस्तेमाल कर खांसी की समस्या को कम किया जा सकता है।
सूखी खांसी को दूर करने के उपाय
अदरक का काढ़ा- अदरक में एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं, जो सूजन को कम करके गले को आराम पहुंचाते हैं। इसके लिए अदरक को बारीक टुकड़ों में काल लें और 2 कप पानी में उबाल लें। इसमें 1 चुटकी दालचीनी और 1 चम्मच शहद मिलाकर सेवन करें। इससे खांसी में काफी राहत मिलेगी।
शहद- खांसी और बलगम को खत्म करने में शहद भी मदद करता है। शहद में एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं जो गले की सूजन को कम करते हैं। इसके लिए 1 चम्मच शहद को गुनगुने पानी या अदरक की चाय में मिलाकर दिन में 2-3 बार सेवन करें। आप दूध में शहद डालकर भी पी सकते हैं।
हल्दी- हल्दी में औषधीय गुण करक्यूमिन एंटीबैक्टीरियल और एंटीवायरल तत्व होते हैं जिससे इंफेक्शन कम होता है। खांसी के लिए 1 गिलास दूध में 1/2 चम्मच हल्दी पाउडर और 1 चुटकी काली मिर्च डालकर रात को पी लें। इससे गले की खराश में राहत मिलेगी।
मुलेठी- मुलेठी गले की खराश और बलगम वाली खांसी को दूर करती है। आयुर्वेद में मुलेठी का इस्तेमाल सदियों से किया जाता रहा है। आप मुलेठी को मुंह में रखकर धीरे-धीरे चूसते रहें। चाहें तो 1/2 चम्मच मुलेठी पाउडर को गुनगुने पानी में मिलाकर पी लें। इससे गले की खराश कम होगी।
खांसी के लिए घरेलू उपाय
रोजाना भाप लेने से खांसी में आराम मिलेगा। इसके अलावा पानी में अजवाइन डालकर भाप लेने से भी खांसी कम होगी। गर्म पानी में नीलगिरी का तेल डालकर भाप लेने से तुरंत राहत मिलती है। नमक के पानी से गरारे करने से भी खांसी में राहत मिलती है। सब्जियों का गर्म सूप पीने से, हर्बल टी पीने से और तुलसी की पत्तियों का रस पीने से भी खांसी में आराम मिल जाता है।
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)