1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़ी 25 फाइलें ऑनलाइन जारी

नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़ी 25 फाइलें ऑनलाइन जारी

 Written By: India TV News Desk
 Published : May 27, 2016 09:58 pm IST,  Updated : May 27, 2016 09:58 pm IST

केंद्रीय संस्कृति सचिव एन. के. सिन्हा ने शुक्रवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़ी 25 फाइलों के चौथे संस्करण को वेबपोर्टल पर ऑनलाइन जारी कर दिया।

subhash chandra bose- India TV Hindi
subhash chandra bose

नई दिल्ली: केंद्रीय संस्कृति सचिव एन. के. सिन्हा ने शुक्रवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़ी 25 फाइलों के चौथे संस्करण को वेबपोर्टल पर ऑनलाइन जारी कर दिया। 25 फाइलों के इस बैच में 1968 से 2008 की अवधि की प्रधानमंत्री कार्यालय की पांच फाइलें, गृह मंत्रालय की चार फाइलें और विदेश मंत्रालय की 16 फाइलें शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 23 जनवरी 2016 को नेताजी की 119वीं जयंती के अवसर पर उनसे जुड़ी 100 फाइलों के पहले बैच को डिजिटीकरण के बाद सार्वजनिक किया गया था। 50 फाइलों का दूसरा बैच और 25 फाइलों का तीसरा बैच क्रमश: 29 मार्च 2016 तथा 29 अप्रैल 2016 को संस्कृति और पर्यटन (स्वतंत्र प्रभार) तथा नागर विमानन राज्य मंत्री डॉ. महेश शर्मा द्वारा जारी किया गया।

शुक्रवार को 25 फाइलें जारी किए जाने से इन फाइलों को देखने की लोगों की मांग पूरी होगी और महान स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस पर विद्वानों को आगे शोध करने में मदद मिलेगी। इन फाइलों की अभिलेखागार विशेषज्ञों की बनी विशेष समिति द्वारा निम्नलिखित पहलुओं पर जांच की गई :

1. फाइलों की स्थिति का पता करना और संरक्षण इकाई के माध्यम से फाइलों को ठीक करना और संरक्षित करना।

2. डिजिटीकरण की गुणवत्ता की पुष्टि करना ताकि डिजिटीकृत रिपोर्ट वेबपोर्टल पर अपलोड की जा सके।

3. इस बात की जांच करना कि शोधकर्ताओं और जनसाधारण के इस्तेमाल के लिए इंटरनेट पर जारी की जा रही फाइलें दोहराई तो नहीं जा रहीं हैं।

1997 में भारत के राष्ट्रीय अभिलेखागार को इंडियन नेशनल आर्मी (आजाद हिंद फौज) से जुड़ी 990 फाइलें रक्षा मंत्रालय से प्राप्त हुई थीं। वर्ष 2012 में खोसला आयोग से संबंधित 271 फाइलें/सामग्री तथा न्यायमूर्ति मुखर्जी जांच आयोग से जुड़ी 759 फाइलें/सामग्री मिलीं, यानी कुल 1030 फाइलें/सामग्री गृह मंत्रालय से प्राप्त हुई थीं। सार्वजनिक रिकार्ड 1997 के अंतर्गत ये फाइलें लोगों के लिए सार्वजनिक कर दी गईं हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत