इंग्लैंड की टीम ने तीसरे और आखिरी मैच में पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवर में 4 विकेट खोकर 387 रन का बड़ा टोटल बनाया। इस पारी में बेन डकेट ने शानदार सेंचुरी लगाई। लॉर्ड्स के मैदान पर वनडे क्रिकेट का यह अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। वैसे, इस ऐतिहासिक मैदान पर सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा करके जीतने का रिकॉर्ड भारत के नाम है, जो भारतीय टीम ने 24 साल पहले बनाया था। इस मैच में इंग्लैंड की तरफ से बेन डकेट और जैकब बेथल ने बहुत अच्छी शुरुआत की। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 192 रनों की बड़ी पार्टनरशिप हुई।
इंग्लैंड ने लॉर्ड्स में तोड़ा 51 साल पुराना रिकॉर्ड
इंग्लैंड की क्रिकेट टीम ने लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर वनडे मैच का सबसे बड़ा स्कोर बनाने का नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वैसे यह पुराना रिकॉर्ड भी इंग्लैंड के ही नाम था, जब उन्होंने साल 1975 में भारत के खिलाफ 4 विकेट पर 334 रन बनाए थे। लेकिन तीसरे और आखिरी वनडे मैच में इंग्लैंड ने अपने ही उस 51 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया और भारत के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में 3 विकेट खोकर कुल 387 रन ठोक डाले।
लॉर्ड्स के मैदान पर बाकी टीमों के स्कोर की बात करें तो पिछले साल साउथ अफ्रीका ने इंग्लैंड के खिलाफ 8 विकेट खोकर 330 रन बनाए थे। वहीं इंग्लैंड की टीम ने 2017 में आयरलैंड के खिलाफ 6 विकेट के नुकसान पर 328 रन बनाए थे। टीम इंडिया भी इस मामले में पीछे नहीं रही है। भारत ने भी साल 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ इसी मैदान पर 326 रनों का एक बड़ा स्कोर खड़ा किया था। अब देखना ये होगा कि भारतीय टीम आज 388 रन के टारगेट को हासिल कर पाती है या नहीं।
लॉर्ड्स का सबसे बड़ा वनडे टोटल
- 387/3 इंग्लैंड बनाम भारत 2026
- 334/4 इंग्लैंड बनाम भारत 1975
- 330/8 साउथ अफ्रीका बनाम इंग्लैंड 2025
- 328/6 इंग्लैंड बनाम आयरलैंड 2017
- 326/8 भारत बनाम इंग्लैंड 2002
बेन डकेट ने खेली 141 रन की पारी
इंग्लैंड की तरफ से इस मैच में बेन डकेट ने 135 गेंदों में 141 रन बनाए, जबकि जैकब बेथल ने 93 गेंदों में 91 रनों का योगदान दिया। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 192 रनों की रिकॉर्ड पार्टनरशिप की। वनडे मैचों में भारत के खिलाफ इंग्लैंड की तरफ से यह अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी है। इस शानदार पारी के साथ ही बेन डकेट ने ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर वनडे मैच में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है।
यह भी पढ़ें
लॉर्ड्स में रोहित और कोहली ने रचा इतिहास, 400 मैच खेलने वाली पहली भारतीय जोड़ी बने