1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बाढ़ की आशंका वाले 14 राज्यों में एनडीआरएफ की 46 टीमें तैनात: गृह मंत्रालय

बाढ़ की आशंका वाले 14 राज्यों में एनडीआरएफ की 46 टीमें तैनात: गृह मंत्रालय

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 06, 2018 09:32 pm IST,  Updated : Jul 06, 2018 09:32 pm IST

एहतियात के तौर पर कदम उठाते हुए एनडीआरएफ ने 14 राज्यों के बाढ़ उन्मुख क्षेत्रों में 46 पूरी तरह से सुसज्जित बचाव दलों को तैनात किया है। 

Flood Nagpur- India TV Hindi
Flood Nagpur Image Source : PTI

नयी दिल्ली: एहतियात के तौर पर कदम उठाते हुए एनडीआरएफ ने 14 राज्यों के बाढ़ उन्मुख क्षेत्रों में 46 पूरी तरह से सुसज्जित बचाव दलों को तैनात किया है। गृह मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने आज बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के 1384 कर्मियों को बाढ़ के लिये संवेदनशील अरूणाचल प्रदेश , असम , बिहार , गुजरात , हिमाचल प्रदेश , जम्मू कश्मीर , महाराष्ट्र , दिल्ली , पंजाब , सिक्किम , त्रिपुरा , उत्तर प्रदेश , उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में तैनात किया है। 

उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ ने उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में कैलाश मानसरोवर यात्रा कर रहे पांच तीर्थयात्रियों समेत 20 फंसे हुए लोगों को बचाया। प्रवक्ता ने बताया कि टीम बचाव एवं राहत कार्य में राज्य प्रशासन की सहायता करेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में एनडीआरएफ का चौबीसों घंटे चलने वाला नियंत्रण कक्ष हालात पर करीबी नजर रखे है और अतिरिक्त तैनाती के लिये अन्य एजेंसियों के साथ संपर्क में है। 

मंत्रालय के अनुसार असम के जोरहाट जिले के निमाटीघाट और सोणितपुर जिले के तेजपुर में ब्रह्मपुत्र नदी आज उफान पर है। ब्रह्मपुर की सहायक नदी जियाभराली सोणितपुर जिले में नॉर्थ ट्रंक रोड पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के बेनीबाद में बागमती नदी का पानी उफान पर है जबकि मधुबनी जिले के झंझारपुर में कमलाबलान नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत