शिमला: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में शुक्रवार को एक जीप के खाई में गिर जाने से 6 लोगों की मौत हो गई। बताया जाता है कि जीप लुढ़ककर 200 फुट गहरी खाई में जा गिरी जिससे इसपर सवार 6 तीर्थयात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। ये तीर्थयात्री भरमौर घाटी में स्थित भगवान शिव की पवित्र स्थली के रूप में मशहूर मणिमहेश झील जा रहे थे। इस दुर्घटना में कई लोगों के घायल होने की भी खबर है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह दुर्घटना दुघली नाले के पास घटी जो चंबा जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इस दुर्घटना में अपनी जान गंवानेवाले मृतकों की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच थी। मृतकों की पहचान पंकज बलोरिया, जसवंत सिंह, अभिनेष, समशेर सिंह, अनिल कुमार और सोनू के रूप में हुई है। सभी कांगड़ा जिले के नगरोटा बागवां में एक गांव के निवासी हैं।
पुलिस उपाधीक्षक वीर बहादुर ने इस दुर्घटना के बारे में बताते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि जीप के ड्राइवर का जीप पर से उस समय नियंत्रण छूट गया जब पह सामने से आ रही एक बस को पास दे रहा था। बस को पास देते वक्त जीप सड़क से फिसल गई और खाई में जा गिरी। वीर बहादुर ने कहा कि अधिकांश घायलों को चंबा शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।