इंदौर के क्योरवेल अस्पताल में सोमवार की रात एयर कम्प्रेसर फटने से दस लोग जख्मी हो गये जिसमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। एयर कम्प्रेसर अस्पताल के जनरल वार्ड में लगा था।
धमाका इतना जबरदस्त था कि पूरा अस्पताल हिल गया और चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। धमाके से दीवारों से सीमेंट उखड़ कर बिस्तरों पर आ गया, वार्ड में रखी सलाइन की बोतलें फट गई और दीवारों पर लगे मेडिकल इक्यूपमेंट उखड़ गये।
धमाके का असर अस्पताल की तीसरी मंजिल तक दिखाई दिया। यहां भी वार्ड की खिड़कियां टूट गई। हैरानी तो इस बात की है जब धमाका हुआ तो अस्पताल का पूरा स्टाफ मरीजों को छोड़कर सड़क पर आ गया और घायल हुए लोग यू हीं अंदर पड़े रहे। परिजन अपने मरीजों को खुद गोद में उठाकर वार्ड्स में ले गये।
धमाके की खबर मिलते ही एसडीएम अनिल बनवरिया अस्पताल पहुंचे। अस्पताल की हालत देखकर खुद एसडीएम घटना की वजह लापरवाही बता रहे हैं जबकि अस्पताल प्रशासन पूरे मामले पर बचने की कोशिश कर रहा है।
फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम अस्पताल में हुए धमाके की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि एयर कम्प्रेसर की जांच एक साल पहले हुई थी जबकि खासकर अस्पताल में इस तरह की चीजों की समय समय पर जांच होनी चाहिये।