नई दिल्ली: केंद्रीय बिजली मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि केंद्र सरकार 2018 तक सभी गांवों में बिजली पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोकसभा में कहा कि दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण ज्योति योजना (DDUGJY ) के तहत 18,452 गांवों में बिजली पहुंचाए जाने की जरूरत है। इसके लिए नई पारेषण लाइनें लगानी होंगी।
मंत्री ने कहा, "यह केंद्र सरकार के उस वादे के तहत किया जा रहा है, जिसमें सरकार ने कहा था कि उसके सत्ता में आने के पहले 1,000 दिन के भीतर उन सभी गांवों में बिजली पहुंचा दी जाएगी, जहां बिजली नहीं है।"
उन्होंने यह भी बताया कि उसके मंत्रालय ने एक मोबाइल एप का विकास किया है, जिससे ग्राम विद्युतीकरण के काम की ताजा स्थिति की जानकारी ली जा सकती है। गोयल ने इस काम में राज्य सरकारों से भी सहायता करने की अपील की।