1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. आर्मी चीफ दलबीर सिंह ने कश्मीर में सुरक्षा हालात की समीक्षा की

आर्मी चीफ दलबीर सिंह ने कश्मीर में सुरक्षा हालात की समीक्षा की

 Written By: IANS
 Published : Sep 09, 2016 10:55 pm IST,  Updated : Sep 09, 2016 10:55 pm IST

सेना प्रमुख जनरल दलबीर सिंह सुहाग ने शुक्रवार को पाकिस्तान के साथ लगी देश की सीमा पर और कश्मीर घाटी में सुरक्षा हालात की समीक्षा की।

Army chief in Kashmir- India TV Hindi
Army chief in Kashmir Image Source : PTI

श्रीनगर: सेना प्रमुख जनरल दलबीर सिंह सुहाग ने शुक्रवार को पाकिस्तान के साथ लगी देश की सीमा पर और कश्मीर घाटी में सुरक्षा हालात की समीक्षा की। रक्षा विभाग की ओर से यहां जारी एक बयान में कहा गया है कि सेना प्रमुख ने नियंत्रण रेखा, और उत्तरी व दक्षिणी कश्मीर में स्थित सैन्य इकाइयों का दौरा किया।

उत्तरी कमान के कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल डी.एस. हुड्डा और 15वीं कोर के कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल सतीश दुआ सेना प्रमुख के साथ थे। सेना प्रमुख ने सुरक्षा हालात और क्षेत्र में शांति सुनिश्चित कराने की दिशा में सुरक्षा बलों द्वारा उठाए जा रहे सम्मिलित कदमों की समीक्षा की। जनरल सुहाग ने नियंत्रण रेखा पर सख्त चौकसी के लिए निर्देश दिए।

उन्होंने जवानों से आग्रह किया कि लोगों को, खासतौर से युवाओं में यह भावना पैदा की जाए कि वे हिंसा छोड़कर यथासंभव जल्द से जल्द शांति कायम करने में सहयोग करें।

बयान में कहा गया है, "सेना प्रमुख ने जारी अशांति के कारण प्रभावित स्थानीय निवासियों को राहत देने के लिए सैनिकों द्वारा की जा रही विभिन्न मानवीय पहल की भी प्रशंसा की और उन्हें आम आदमी के साथ इस सकारात्मक जुड़ाव को बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया।"

सेना प्रमुख ने इस दौरान राज्य पुलिस प्रमुख के. राजेंद्र से भी मुलाकात की और मौजूदा हालात पर और इससे निपटने के लिए की गई पहल के बारे में राज्यपाल एन.एन. वोहरा को जानकारी दी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत