1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मध्य प्रदेश: मुरैना में दुकानों से नमक की कई बोरियां लूटी गईं

मध्य प्रदेश: मुरैना में दुकानों से नमक की कई बोरियां लूटी गईं

 Written By: Bhasha
 Published : Nov 13, 2016 07:52 pm IST,  Updated : Nov 13, 2016 07:52 pm IST

देश के बाजारों में नमक की कमी की अफवाहों के बीच अज्ञात लोगों ने मध्य प्रदेश के मुरैना शहर स्थित सब्जी मंडी और जीवाजीगंज की दुकानों के बाहर रखी नमक की कई बोरियों को कथित तौर पर लूट लिया।

Representative Image | Pixabay- India TV Hindi
Representative Image | Pixabay

मुरैना: देश के बाजारों में नमक की कमी की अफवाहों के बीच अज्ञात लोगों ने मध्य प्रदेश के मुरैना शहर स्थित सब्जी मंडी और जीवाजीगंज की दुकानों के बाहर रखी नमक की कई बोरियों को कथित तौर पर लूट लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मुखौटा पहने हुए कुछ लोग कोतवाली पुलिस थाना अंतर्गत सब्जी मंडी और जीवाजी गंज के बाजार में शनिवार की मध्यरात्रि में आए और वहां दुकानों के आसपास बाहर रखी नमक की बोरियों को उठाकर लोडिंग वाहनों में रख लिया। 

देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब लुटेरे नमक लोडिंग गाड़ियों में लाद रहे थे, उसी समय इलाके में रहने वाले कु दुकानदार आ गए और इसका विरोध करने लगे, लेकिन कथित नमक चोर फिर भी दुकानदारों की नमक से भरी कई बोरियों को लेकर चंपत हो गए। हालांकि, कुछेक स्थानों पर दुकानदारों को देखकर नमक चोरों को खाली हाथ भी भागना पड़ा। इस घटना के बाद शहर के तकरीबन सभी दुकानदार सतर्क हो गए और उन्होंने नमक की अपनी बची हुई बोरियों को अपनी दुकानों के अंदर रख लिया। 

मुरैना कोतवाली के थाना प्रभारी अजय ने बताया कि शनिवार की रात दुकानों से नमक चोरी या लूटपाट की शिकायत किसी भी दुकानदार ने पुलिस से नहीं की है। नमक की दुकान के बार रखी बोरी के गायब होने की चर्चा जरूर चल रही है। व्यापारी रिपोर्ट दर्ज कराने आते हैं तो हम अज्ञात चोरों को ढूंढ़ना शुरू करेंगे। दो दिन पहले केंद्र ने बाजार में नमक की कमी की अफवाहों को खारिज करते हुए कहा था कि उत्तर प्रदेश, दिल्ली और एनसीआर समेत पूरे भारत में नमक पर्याप्त मात्रा में मौजूद है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत