1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बिहार: आश्रम के सेवादारों पर 3 साध्वियों ने लगाया दुष्कर्म का आरोप, सभी आरोपी फरार

बिहार: आश्रम के सेवादारों पर 3 साध्वियों ने लगाया दुष्कर्म का आरोप, सभी आरोपी फरार

 Reported By: IANS
 Published : Jan 12, 2018 03:23 pm IST,  Updated : Jan 12, 2018 03:23 pm IST

बिहार के नवादा जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के एक आश्रम में तीन साध्वियों के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है...

Representational Image | PTI- India TV Hindi
Representational Image | PTI

नवादा: बिहार के नवादा जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के एक आश्रम में तीन साध्वियों के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। दुष्कर्म का आरोप आश्रम के ही कई सेवादारों पर लगाया गया है। इस मामले के प्रकाश में आने के बाद से ही सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, बहियारा मोड़ के पास स्थित संत कुटीर आश्रम की 3 साध्वियों ने गोविंदपुर थाना में सेवादारों पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए एक प्राथमिकी दर्ज कराई है।

दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि 12 दिसंबर 2017 की रात 10 बजे जब वे खाना पका रही थीं, तभी कई सेवादार हथियारों के बल पर रसोईघर में प्रवेश कर गए और उन सभी को जबरदस्ती एक कमरे में ले गए और उनके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया गया। इस घटना के बाद घबराईं और डरी पीड़िताएं अपने-अपने घर वापस लौट गईं, लेकिन बाद में अन्य लोगों द्वारा हिम्मत दिए जाने के बाद 4 जनवरी को गोविंदपुर थाना में इस मामले की एक FIR दर्ज कराई। 

गोविंदपुर के थाना प्रभारी रवि पासवान ने शुक्रवार को बताया कि दर्ज FIR में 5 लोगों कल्पनाथ चौधरी, गिरिजा शंकर चैधरी, तपस्यानंद उर्फ श्याम चौधरी, अजीत चौधरी (सभी यूपी के बस्ती जिले के निवासी) और दिलचंद पटेल (महुआडीह, यूपी) को नामजद किया गया है, जबकि 5 अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि पीड़िताओं में से एक बिहार की, जबकि 2 अन्य राज्यों की रहने वाली हैं। पासवान ने बताया कि गुरुवार को पीड़ित साध्वियों का बयान अदालत में दर्ज करवाया गया तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी आरोपी अन्य राज्य के रहने वाले हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए एक टीम का गठन किया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत