1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कोलकाता हवाई अड्डे पर बम विस्फोट की धमकी

कोलकाता हवाई अड्डे पर बम विस्फोट की धमकी

 Written By: Bhasha
 Published : Sep 07, 2016 02:51 pm IST,  Updated : Sep 07, 2016 02:51 pm IST

नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आज सुरक्षा कर्मी उस समय घबरा गए जब फोन पर तीन बार हवाईअड्डे को उड़ाने के धमकी दी गई।

Kolkata Airport- India TV Hindi
Kolkata Airport

कोलकाता: नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आज सुरक्षा कर्मी उस समय घबरा गए जब फोन पर तीन बार हवाईअड्डे को उड़ाने के धमकी दी गई। पहले दो बार लालबाजार पुलिस नियंत्रण कक्ष में तड़के करीब सवा एक बजे फोन कर धमकी दी गई, और तीसरी बार विधाननगर पुलिस आयुक्तालय में।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पहले दो फोन कॉल के बाद ही तुरंत ही बम दस्ते और खोजी कुत्तों ने सीआईएसएफ दल के साथ हवाईअड्डे पर कार्रवाई शुरू कर दी उन्होंने पूरी रात पूरे हवाई अड्डे की अच्छी तरह से जांच की। उन्होंने कहा हालांकि वहां कुछ भी नहीं मिला।

पहली कॉल सुबह एक बजकर 15 मिनट पर लालबाजार पुलिस नियंत्रण कक्ष में एक व्यक्ति ने की और जानकारी दी कि अरशद नाम का एक व्यक्ति जो मानवबम है वह नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे उड़ाने वाला है।

कोलकाता पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा, उसने अरशद के नंबर भी दिए और जल्द से जल्द से कार्रवाई करने का आग्रह भी किया। उन्होंने कहा कि दूसरी कॉल दूसरे नंबर से आई थी जिसमंे दावा किया गया कि हवाई अड्डे के अंदर बम लगाया गया है जो कुछ मिनटों में फट जाएगा।

अधिकारी ने बताया कि विधाननगर पुलिस आयुक्तालय में आज सुबह एक अन्य कॉल आया जिसमें दावा किया गया कि कार्गो विमान में बम लगाया गया है जो कभी भी फट जाएगा। उन्होंने कहा, बम दस्ते और खेजी कुत्ते हवाईअड्डे की जांच कर रहे हैं और सीआईएसएफ दल यहां पूरे स्थान की विशेष छानबीन कर रहा है।

उन्होंने कहा, सभी यात्रियों और उनके सामान की जांच की गई है। किसी भी वाहन को मुख्य द्वार के पास दो मिनट से अधिक रूकने की अनुमति नहीं दी गई है।

लालबाजार के पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिन दो नंबरों का पता लगाया गया है, उनमें से एक नंबर गुवाहाटी सर्किल का है लेकिन कंट्रोल रूम में कॉल किए जाने के बाद से वह नंबर बंद है।

अधिकारी ने कहा, हम टावर की स्थिति के आधार पर कॉलों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं हमारे अधिकारी इसपर काम कर रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत