अमृतसर: सीमा सुरक्षा बल ने यहां भारत-पाकिस्तान सीमा पर 20 किलोग्राम से अधिक हेरोइन और पाकिस्तान में बने तीन कारतूस आज बरामद किए। इन चीजों की पाकिस्तान के नागरिकों द्वारा तस्करी की जा रही थी। हेरोइन का मूल्य करीब 100 करोड़ रपये है। आज तड़के सुबह तस्करों ने भिकिविंड में नारली सीमा चौकी के तहत भारतीय इलाके में हेरोइन के पैकेट फेंके। सीमा सुरक्षा बल के जवानों द्वारा चुनौती दिए जाने पर इन तस्करों ने उन पर गोलियां चलाईं जिसका जवाब दिया गया हालांकि तस्कर भागने में सफल रहे।
BSF के डीआईजी आर.एस. कटारिया ने कहा कि यह घटना सुबह करीब 3:30 बजे उस वक्त घटी जब रात्रि में गश्त लगा रहे जवानों ने उस सीमा चौकी के पास संदिग्ध हलचल देखी। बीएसएफ के जवान तुरंत घटनास्थल की तरफ भागे और उन्होंने कुछ पाकिस्तानी तस्करों को भारतीय क्षेत्र की ओर पैकेट फेंकते देखा। उन्होंने कहा, एक-एक किलोग्राम के कम से कम 21 पैकेट, एक बेरेटा इटैलियन पंप एक्शन गन और तीन पाकिस्तानी कारतूस घटनास्थल से बरामद किए गए। इन कारतूसों पर वाह इंडस्ट्रीज लि., पाकिस्तान का मार्का है।