गाजियाबाद: यहां रिश्वत की ऐसी तस्वीरें सामने आई हैं जिसे देखकर आप भी हैरान रह जाएंगे। यहां खादी पहनने वालों ने खाकी वर्दी वालों को बख्शीश के तौर पर रिश्वत दी। पूर्व सांसद की रिहाई की खुशी में उनके समर्थकों की खुशी के बादल ऐसे उमड़े की जेब से नोट निकाले और जेल के बाहर तैनात पुलिसवालों को बांटने लगे। इनकी एक-एक करतूत कैमरे में कैद होती चली गई।
पूर्व सांसद की रिहाई में बंटी बख्शीश
ये घटना गाजियाबाद के जिला जेल की है। बहू के कत्ल के आरोप में जेल में बंद बीएसपी के पूर्व राज्यसभा सांसद नरेंद्र कश्यप की जमानत मिलने के बाद रिहाई हुई। पूरे लाव लश्कर और तामझाम के साथ नरेंद्र कश्यप कुछ इस तरह झक सफेद कपड़ों में जेल से निकले।
उनके चेहरे पर खुशी थी, हाथ जोड़कर सबका अभिवादन कर रहे थे। कोई समर्थक फूल पकड़ा रहा था तो कोई लपककर पैर छू रहा था। पूर्व सांसद खुश थे लेकिन इस बीच उनके समर्थक ने कुछ ऐसी हरकत की कि पूरी नेतागीरी पर पानी फिर गया।
मनोज नागर नाम के समर्थक ने जेल के गेट से ही सिपाहियों को रिश्वत देनी शुरू कर दी। सबसे पहले जेल गेट पर तैनात पुलिसवाले को रुपये दिए। उसके बाद आगे बढ़े और जितने भी पुलिसवाले मिले सबको 100-100 के नोट बांटना शुरू कर दिया।
हैरानी की बात ये थी कि मीडिया के कैमरों लगे होने के बावजूद इन खाकी वर्दी वालों ने रिश्वत ली और हंसते-हंसते जेब में रख ली। रिश्वत की ये तस्वीरें कई सवाल खड़े करती हैं जब यूपी पुलिस के जवान इन नेताओं से पैसे ले रहे हैं तो इन पर फटकार कैसे लगा सकते हैं।
देखिए वीडियो-