नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के 12वीं क्लास के रिजल्ट आज आने वाले हैं। नतीजे दोपहर 12 बजे घोषित किए जाएंगे। पहले कहा जा रहा था कि नतीजे 23 मई को आएंगे। छात्र www.cbse.nic.in और www.cbseresults.nic.in की वेबसाइट्स पर जाकर CBSE Class 12th result 2016 चेक कर सकते हैं:
ऐसे चेक करें रिजल्ट
1. www.cbse.nic.in या www.cbseresults.nic.in वेबसाइट पर जाएं।
2. 'CBSE Class 12 Results 2016' लिंक पर क्लिक करें।
3. अपना रॉल नंबर डालें और रिजल्ट आपकी स्क्रीन पर होगा।
CBSE परीक्षा 1 मार्च को शुरू हुई थी और 22 अप्रैल को समाप्त हुई थी। इस साल कुल 10,67,900 उम्मीदवारों ने 12वीं कक्षा की परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था जबकि 2015 में 10,40,368 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था।
एक आधिकारिक वक्तव्य में कहा गया, ‘‘इस साल से सीबीएसई 12वीं का डिजिटल अंकपत्र डिजिलॉकर में देगा। इसे www.digilocker.gov.in पर देखा जा सकता है। डिजिलॉकर एकाउन्ट का पता छात्रों को सीबीएसई के समक्ष दर्ज उनके मोबाइल नंबर पर भेजा जाएगा।’’ इसमें कहा गया है, ‘‘नतीजे एंड्रॉयड मोबाइल ऐप digiresults के माध्यम से भी उपलब्ध होंगे। पिछले वर्ष की तरह बोर्ड IVRS के जरिए भी नतीजे का प्रसार करेगा।’’ दूसरे चरण की टेलीकाउन्सलिंग नतीजे की घोषणा के साथ ही शुरू हो जाएगी और चार जून 2016 तक चलेगी।
मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने इस सप्ताह की शुरुआत में फेसबुक चैट के दौरान छात्रों को आश्वस्त किया था कि 10वीं और 12वीं के नतीजे इस महीने के समाप्त होने से पहले समय पर घोषित कर दिए जाएंगे। राज्य बोर्डों के भी 31 मई तक अपने नतीजे की घोषणा करने की उम्मीद है।