1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कश्मीर घाटी में फिर झड़प, पथराव में पीडीपी विधायक घायल

कश्मीर घाटी में फिर झड़प, पथराव में पीडीपी विधायक घायल

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jul 18, 2016 10:58 pm IST,  Updated : Jul 18, 2016 10:58 pm IST

कश्मीर में पथराव कर रही भीड़ ने पीडीपी के एक विधायक पर हमला कर दिया जबकि प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़पों में सोमवार को पांच लोग घायल हो गए।

Kashmir
- India TV Hindi
Kashmir Image Source : PTI

श्रीनगर: कश्मीर में पथराव कर रही भीड़ ने पीडीपी के एक विधायक पर हमला कर दिया जबकि प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़पों में सोमवार को पांच लोग घायल हो गए। दसवें दिन भी कर्फ्यू जारी रहा और अशांति में अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है। पुलवामा से पीडीपी के विधायक मोहम्मद खलील बांद के वाहन को पथराव कर रही भीड़ ने कल रात निशाना बनाया जिससे विधायक घायल हो गए।

हिजबुल कमांडर बुरहान वानी की हत्या के खिलाफ अलगाववादियों की बंद की अवधि 22 जुलाई तक बढ़ाने से आम जनजीवन पर असर पड़ा है। तीसरे दिन भी सोमवार को अखबार नहीं मिल पाए और 10 वें दिन भी टेलीफोन और मोबाइल इंटरनेट सेवा ठप है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घाटी के अधिकतर इलाके में शांति है वहीं बारामुला जिले के रफीआबाद और सोपोर, कुपवाड़ा जिले में त्रेहगाम सहित उत्तरी कश्मीर के कुछ जगहों पर प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़पों की खबर मिली है।

अधिकारी ने बताया कि त्रेहगाम में पथराव कर रही भीड़ पर सुरक्षा बलों की कार्रवाई में कम से कम पांच लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया, पुलवामा जिले में पथराव कर रही भीड़ के हमले में सत्तारूढ़ पीडीपी के विधायक मोहम्मद खलील बांद घायल हो गए। हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकवादी बुरहान वानी की मौत के बाद हुए संघर्षों को रोकने के लिए घाटी के सभी 10 जिलों में कफ्र्यू लागू किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कश्मीर घाटी के सभी 10 जिलों में एहतियातन आज भी कफ्र्यू जारी रहा। अधिकारी ने बताया कि निषेधाज्ञा को सख्ती से लागू करने के लिए घाटी में बड़ी संख्या में पुलिस एवं अर्धसैन्य बल तैनात किए गए हैं।

हालांकि रविवार को संघर्ष के मामले पहले की तुलना में कम दर्ज किए गए लेकिन अखबार लगातार तीसरे दिन बाजारों तक नहीं पहुंच सके। अलगाववादियों के बंद के 22 जुलाई तक बढ़ाने के कारण आम जन जीवन बाधित हुआ है। एक संयुक्त बयान में सैयद अली शाह गिलानी, मीरवाइज उमर फारूख और मोहम्मद यासीन मलिक ने कहा कि घाटी में 22 जुलाई तक बंद रहेगा। हालांकि उन्होंने 21 जुलाई को दोपहर दो बजे से हड़ताल में आधे दिन के लिए ढील की घोषणा की है।

स्कूल एवं कॉलेज गर्मी की 17 दिनों की छुट्टियों के बाद सोमवार को फिर से खुलने थे लेकिन वे आज बंद रहे। सरकार ने कानून-व्यवस्था के मौजूदा हालात के मद्देनजर छुट्टियां और एक सप्ताह के लिए बढ़ा दी हैं। अनंतनाग जिले के कोकेरनाग इलाके में बुरहान वानी और उसके दो अन्य साथियों के सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे जाने के बाद नौ जुलाई से कश्मीर में हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं। सुरक्षा बलों के साथ हुए संघर्षों में एक पुलिसकर्मी समेत 39 लोग मारे गए हैं और 1600 सुरक्षाकर्मियों समेत 3400 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत