1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कोरोना वायरस: चीनी जहाज के चालक दल के दो सदस्यों को बुखार की शिकायत, अलग केंद्र में भेजा

कोरोना वायरस: चीनी जहाज के चालक दल के दो सदस्यों को बुखार की शिकायत, अलग केंद्र में भेजा

 Written By: Bhasha
 Published : Feb 19, 2020 04:45 pm IST,  Updated : Feb 19, 2020 11:52 pm IST

कोरोना वायरस प्रभावित देश चीन से आये एक जहाज के चालक दल के दो सदस्यों को बुखार होने के कारण पृथक केंद्र में रखा गया है जबकि जहाज को पहुंच से दूर रखा गया है।

Representative Image- India TV Hindi
Representative Image

चेन्नई: कोरोना वायरस प्रभावित देश चीन से आये एक जहाज के चालक दल के दो सदस्यों को बुखार होने के कारण पृथक केंद्र में रखा गया है जबकि जहाज को पहुंच से दूर रखा गया है। चेन्नई बंदरगाह के अधिकारियों ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। बंदरगाह से जारी बयान में कहा गया है कि चालक दल के 19 सदस्यों वाला यह जहाज उस देश में विभिन्न बंदरगाहों पर गया था। चीनी बंदरगाह जाने के बाद जहाज को 14 दिन की अवधि के लिए पृथक रखा गया था, जिसके बाद मंगलवार को उसे यहां आने की अनुमति दी गयी थी। 

यहां पहुंचने के बाद बंदरगाह के स्वास्थ्य अधिकारियों के एक दल ने जहाज में जा कर चालक दल के सदस्यों की जांच की। बयान में कहा गया है, ‘‘जांच से यह पता चला कि 19 में से चालक दल के दो सदस्यों को हल्का बुखार है लेकिन श्वसन में उन्हें कोई समस्या नहीं है और उनकी सभी रिपोर्ट ठीक हैं।’’ इसमें कहा गया है, ‘‘चालक दल के सदस्यों को जहाज में ही पृथक रखा गया है और जहाज को किसी भी व्यक्ति की पहुंच से दूर रखा गया है और चालक दल के किसी भी सदस्य को तट पर आने की अनुमति नहीं है।’’ 

बयान में कहा गया है कि पृथक किये गये चालक दल के दोनों सदस्यों के रक्त के नमूने बुधवार को स्वास्थ्य अधिकारियों ने बुधवार को एकत्र किये और जांच के लिए भेज दिया। इसमें कहा गया है कि आज शाम तक रिपोर्ट आने की संभावना है। इस वायरस की चपेट में आने से चीन में अबतक 2004 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 74 हजार से अधिक में इसकी पुष्टि हो चुकी है।

Related Video
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत