1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus cases in India: भारत में मामले बढ़कर 126 तक पहुंचे, 3 लोगों की हो चुकी है मौत

Coronavirus cases in India: भारत में मामले बढ़कर 126 तक पहुंचे, 3 लोगों की हो चुकी है मौत

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 17, 2020 11:23 am IST,  Updated : Mar 17, 2020 03:37 pm IST

देश के कुल 126 कोरोना वायरस मामलों में सबसे अधिक संख्या महाराष्ट्र की है, महाराष्ट्र में अबतक कुल 36 लोगों को कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है, महाराष्ट्र का पुणे शहर इस वायरस की वजह से देशभर में सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है

Coronavirus cases in India till March 17th Morning- India TV Hindi
Coronavirus cases in India till March 17th Morning Image Source : PTI

नई दिल्ली। कोरोना वायरस के मामले भारत में धीरे-धीरे बढ़ने लगे हैं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक मंगलवार सुबह 10.55 बजे तक देशभर में कुल 126 लोगों के केस पॉजिटिव पाए गए हैं। हालांकि वायरस के शिकार 126 लोगों में 13 लोग ऐसे हैं जिनका इलाज हो चुका है और उन्हें छुट्टी मिल चुकी है, आंकड़े में 3 ऐसे लोग भी शामिल हैं जिनकी कोरोना वायरस की वजह से मौत हुई है। जिन 3 लोगों की इस वायरस की वजह से मौत हुई है उनमें एक मामला दिल्ली का, एक कर्नाटक का और एक ताजा मामला महाराष्ट्र का सामने आया है।

देश के कुल 126 कोरोना वायरस मामलों में सबसे अधिक संख्या महाराष्ट्र की है, महाराष्ट्र में अबतक कुल 36 लोगों को कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है, महाराष्ट्र का पुणे शहर इस वायरस की वजह से देशभर में सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है, महाराष्ट्र के 36 मामलों में 3 विदेशी नागरिक हैं। महाराष्ट्र के बाद दूसरे नंबर पर 22 मामलों के साथ केरल हैं जिनमें 2 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। केरल के बाद हरियाणा और उत्तर प्रदेश का नंबर है, हरियाणा में 15 मामले हैं जिनमें 14 विदेशी नागरिक हैं जबकि उत्तर प्रदेश में अबतक 13 मामले सामने आए हैं जिनमें एक विदेशी नागरिक है। 

17 मार्च तक देश में कोरोना वायरस के कुल मामले

राज्य/केंद्र शासित प्रदेश कोरोना ग्रसित भारतीय  कोरोना ग्रसित विदेशी अस्पताल से छुट्टी मृत्यु
दिल्ली 7 0 2 1
हरियाणा 1 14 0 0
केरल 22 2 3 0
राजस्थान 2 2 3 0
तेलंगाना 4 0 1 0
उत्तर प्रदेश 12 1 4 0
लद्दाख 4 0 0 0
तमिलनाडु 1 0 0 0
जम्मू-कश्मीर 3 0 0 0
पंजाब 1 0 0 0
कर्नाटक 8 0 0 1
महाराष्ट्र 36 3 0 1
आंध्र प्रदेश 1 0 0 0
ओडिशा 1 0 0 0
उत्तराखंड 1 0 0 0
कुल 104 22 13 3

स्रोत: स्वास्थ्य मंत्रालय

देश में कोरोना वायरस की एंट्री विदेश से हुई है और केंद्र सरकार ने विदेश से भारत आने वाली अधिकतर उड़ान सेवाओं पर पहले ही रोक लगा रखी है और मंगलवार सुबह 3 और देशों से आने वाली उड़ानों पर रोक लगाई गई है। केंद्र सरकार ने अफगानिस्तान, मलेशिया और फिलिपीन्स से भारत आने वाली उड़ान सेवाओं पर 31 मार्च के लिए रोक लगा दी है। 

दुनियाभर में कोरोना वायरस के कुल मामलों का आंकड़ा 1.82 लाख को पार कर चुका है जिसमें से 7100 से ज्यादा लोगों की मौत भी हो चुकी है, हालांकि 79000 से ज्यादा लोग रिकवर भी हो चुके हैं। चीन में सबसे अधिक 80 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं और वहीं पर सबसे अधिक 3226 लोगों की मौत भी हुई है। इस वायरस ने चीन के बाहर सबसे ज्यादा तबाही इटली में मचाई है जहां पर 24980 लोग अबतक इसकी गिरफ्त में आए हैं और 2158 लोगों की जान जा चुकी है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत