1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कोरोना वायरस: पश्चिम बंगाल में अनावश्यक खरीद से 20 प्रतिशत तक बढ़े आलू के भाव

कोरोना वायरस: पश्चिम बंगाल में अनावश्यक खरीद से 20 प्रतिशत तक बढ़े आलू के भाव

 Written By: Bhasha
 Published : Mar 21, 2020 04:16 pm IST,  Updated : Mar 21, 2020 04:16 pm IST

कोरोना वायरस संक्रमण फैलने के कारण बाजार बंद होने की आशंका में लोग घबराहट में जरूरत से ज्यादा सामानों की खरीद कर रहे हैं। इसके कारण पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में आलू की थोक एवं खुदरा कीमतें कम से कम 20 प्रतिशत तक बढ़ गयी हैं।

पश्चिम बंगाल में अनावश्यक खरीद से 20 प्रतिशत तक बढ़े आलू के भाव- India TV Hindi
पश्चिम बंगाल में अनावश्यक खरीद से 20 प्रतिशत तक बढ़े आलू के भाव Image Source : PTI

कोलकाता: कोरोना वायरस संक्रमण फैलने के कारण बाजार बंद होने की आशंका में लोग घबराहट में जरूरत से ज्यादा सामानों की खरीद कर रहे हैं। इसके कारण पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में आलू की थोक एवं खुदरा कीमतें कम से कम 20 प्रतिशत तक बढ़ गयी हैं। बाजार सूत्रों ने इसकी जानकारी दी। कारोबारियों ने बताया कि आलू की ‘ज्योति’ किस्म एक सप्ताह पहले 15 से 17 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिक रही थी, लेकिन अब इसके भाव कुछ खुदरा बाजारों में 20-22 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गये हैं। 

चुनिंदा ई-वाणिज्य मंचों पर इसकी बिक्री 25 रुपये प्रति किलोग्राम तक की दर से की जा रही है। कारोबारियों ने कहा कि अन्य राज्यों से आ रही मांग के कारण आलू की थोक कीमतें एक सप्ताह पहले के 10-11 रुपये की तुलना में 13 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गयी है। शीत भंडार गृह संगठन से जुड़े एक अधिकारी ने बताया, ‘‘देश भर में आलू की कीमतें बढ़ रही हैं और कारोबारी इसका फायदा उठा रहे हैं। आलू की खुदरा कीमतें 18 रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक नहीं होनी चाहिये।’’ 

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के कृषि सलाहकार प्रदीप मजुमदार ने लोगों से नहीं घबराने और जरूरत के सामानों की अनावश्यक खरीद नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि राज्य में आलू या चावल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘घबराने की कोई जरुरत नहीं है। सरकार भ्रष्ट कारोबारियों पर कार्रवाई कर रही है। हम पहले ही करीब 20 हजार टन आलू खरीद चुके हैं। हम लंबे समय से खरीद कर रहे हैं और जरूरत पड़ने पर आगे भी दखल देंगे। वायरस के कारण मांग बढ़ गयी है।’’ 

पश्चिम बंगाल में आलू की सालाना खपत 65 लाख टन है। राज्य देश में सबसे अधिक आलू का उत्पादन करता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत