नयी दिल्ली: दिल्ली सरकार ने डीटीसी बस पास बनवाने के लिए बृहस्पतिवार को ऑनलाइन प्रणाली का शुभारंभ किया जिससे राष्ट्रीय राजधानी के करीब नौ लाख बस यात्रियों को लाभ मिलने की संभावना है। परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने इस सेवा की शुरूआत करने के बाद कहा कि बस यात्री सामान्य श्रेणी के पास के लिए अब ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और अगले पांच दिनों में उनके घर तक पास पहुंचा दिया जाएगा।
Related Stories
उन्होंने कहा कि परिवहन सेवाओं को ऑनलाइन करने के अगले चरण में विभाग रियायती पासों को शामिल करेगा जिनमें वरिष्ठ नागरिकों और विद्यार्थियों के पास आते हैं। मंत्री ने यह भी कहा कि भविष्य में ऑनलाइन बस पास प्रणाली के कॉमन मोबिलिटी कार्ड के साथ एकीकरण के तौर तरीकों की संभावनाएं तलाशी जाएगी। गहलोत ने कहा कि दिल्ली परिवहन निगम हर साल 25 लाख बस पास जारी करता है जिनमें नौ लाख सामान्य श्रेणी के पास होते हैं। ऑनलाइन बस पास के लिए www.dtcpass.delhi.gov.in. पर लॉगइन कर आवेदन दिया जा सकता है।