नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय में स्नातक पाठ्यक्रमों में 60,000 से ज्यादा सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया आज से शुरू होगी। विश्वविद्यालय ने पहली बार पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दिया है। दाखिला प्रक्रिया में पहले ही एक सप्ताह की देरी होने और दाखिला प्रावधानों को लेकर अस्पष्टता के कारण दाखिले को इच्छुक छात्रों में भ्रम के बीच विश्वविद्यालय ने आगामी शैक्षिक सत्र के लिए मंगलवार को दाखिला नीति की घोषणा की।
खास बात यह है कि इस बार एक ही फॉर्म के माध्यम से सामान्य-ओबीसी, एससी-एसटी के साथ-साथ कश्मीरी विस्थापित, शहीद विधवाओं की संतान, ईसीए-स्पोर्ट्स व नॉन कालिजिएट के आवेदन भी ऑनलाइन ही होंगे।
ऑनलाइन आवेदन 19 जून तक किया जा सकेगा। पहली कट ऑफ 27 जून को आएगी, जिसके बाद दाखिला प्रक्रिया 16 अगस्त तक होगी। दाखिला प्रक्रिया ऑनलाइन होने के कारण इस बार सभी कॉलेजों की एक दूसरे के दाखिलों पर भी नजर रहेगी।
दिल्ली विश्वविद्यालय के स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने को इच्छुक छात्रों के लिए आज से परामर्श सत्र भी शुरू होगा जहां छात्रों और अभिभावकों को दाखिला संबंधी सवालों का जवाब मिलेगा। यह सत्र 11 जून तक चलेगा।
हर बार कॉलेजों को सीटों से ज्यादा दाखिले की परेशानी होती थी, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। केवल पांच कट ऑफ ही जारी की जाएगी। इसके बाद सीटें खाली रहने पर कॉलेज अपने स्तर पर कॉलेज, कोर्स व केटेगिरी के आधार पर सीटों की जानकारी डीयू पोर्टल पर अपलोड करेंगे।
जिन्होंने 1 जून से 19 जून के बीच आवेदन कराया होगा, वहीं खाली सीटों के लिए आवेदन कर सकेंगे। खाली सीटों पर आवेदन के लिए छात्रों को तीन दिन मिलेंगे। इन आवेदनों के आधार पर कॉलेज एक मेरिट लिस्ट तैयार करेंगे।