नई दिल्ली: पूरे देश में मौसम बदल रहा है। कहीं धुप खिली है तो कहीं बारिश हो रही है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह आसमान साफ रहा और तेज धूप निकली। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, "सुबह धूप निकली। कहीं भी बारिश होने की संभावना नहीं है। दिनभर आसमान साफ रहेगा।"
राष्ट्रीय राजधानी में दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
बिहार में बारिश के आसार
बिहार में राजधानी पटना सहित राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में सोमवार देर शाम से रुक-रुककर हो रही बारिश बुधवार को भी जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की तो कहीं तेज बारिश के आसार जताए हैं। इस कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पटना में बुधवार को न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री तथा गया का 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना का बुधवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री के करीब रहने की संभावना है।
UP में आंशिक बदली, उमस से राहत
लखनऊ व आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह आंशिक बदली छाई रही। बदली की वजह से लोगों को धूप और उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के अनुसार, दिन में आंशिक बदली का असर रहेगा। तेज हवाएं चलेंगी, जिससे उमस से राहत मिलेगी। अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने की संभावना है।
UP में धूप खिली
मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में बुधवार को आसमान साफ है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर गरज व चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। राज्य में मौसम में आए बदलाव से तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। बुधवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री, इंदौर का 20.3 डिग्री, ग्वालियर का 24.9 डिग्री और जबलपुर का 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इससे पहले मंगलवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री, इंदौर का 29.3 डिग्री, ग्वालियर का 33.4 डिग्री और जबलपुर का 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।