नई दिल्ली: ढाका आतंकी हमले के बाद मुस्लिम उपदेशक जाकिर नाइक जांच एजेंसियों के निशाने पर हैं। इसी बीच एक वीडियो सामने आया है जिसमें कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह भी जाकिर नाइक के कार्यक्रम में शामिल हुए थे और उनकी जमकर तारीफ की थी। ये वीडियो 2012 का है और इसमें दिख रहा है कि दिग्विजय मंच पर बैठे हुए हैं और जाकिर की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
जिन जाकिर नाईक पर आज आतंक की ओर उकसाने वाले बयान देने के आरोप लग रहे हैं, उन जाकिर को दिग्विजय सिंह ने ‘शांतिदूत’ बताया था।
इस कार्य़क्रम में दिग्विजय ने यहां तक कहा कि देश के मुस्लिम खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कारणों का जिक्र तो नहीं किया लेकिन जाकिर नाईक के इस मंच से दिग्विजय ने कहा है कि मुस्लिमों के मन में ये भावना है कि उनके साथ न्याय नहीं हो रहा।
दिग्विजय ने इस मंच से ये भी कहा कि हिंदुओं की जिम्मेदारी है कि वो मुसलमानों मे सुरक्षा की भावना पैदा करे। इसके साथ ही उन्होंने सरकार और न्यायपालिक से भी ऐसा करने की जिम्मेदारी का जिक्र किया। उन्होंने यहां तक कहा कि इतनी भीड़ के सामने उन्हें कभी बोलने का मौका नहीं मिला था।
दिग्विजय की इस पर सफाई भी आ गई। उन्होंने कहा कि मैंने वहां कोई गलत बात नहीं की थी। ऐसे वक्त पर जब कांग्रेस की जाकिर नाइक के पीस टीवी को लेकर मोदी सरकार पर हमला बोल रही है, तब दिग्विजय की इस मंच पर मौजूदगी कांग्रेस को बैकफुट पर ला सकती है।