1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली जा रहे किसानों के ट्रैक्टर को ट्रक ने टक्कर मारी, एक किसान की मौत

दिल्ली जा रहे किसानों के ट्रैक्टर को ट्रक ने टक्कर मारी, एक किसान की मौत

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 27, 2020 05:55 pm IST,  Updated : Nov 27, 2020 05:55 pm IST

''दिल्ली चलो'' आह्वान के तहत राष्ट्रीय राजधानी जा रहे किसानों के ट्रैक्टर को शुक्रवार को हरियाणा के भिवानी जिले में एक ट्रक ने टक्कर मार दी, जिसमें एक किसान की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।

Farmer on way to Delhi killed as truck hits his tractor-trolley in Bhiwani - India TV Hindi
Farmer on way to Delhi killed as truck hits his tractor-trolley in Bhiwani  Image Source : PTI

चंडीगढ़। ''दिल्ली चलो'' आह्वान के तहत राष्ट्रीय राजधानी जा रहे किसानों के ट्रैक्टर को शुक्रवार को हरियाणा के भिवानी जिले में एक ट्रक ने टक्कर मार दी, जिसमें एक किसान की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घटना शुक्रवार तड़के भिवानी के मुंडहाल में हुई जब ट्रक ने एक पुलिस अवरोधक के पास ट्रैक्टर को टक्कर मार दी।

हरियाणा पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि ट्रैक्टर को टक्कर मारने वाले ट्रक के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रवक्ता ने कहा, ''इस दुर्घटना में पंजाब के मनसा के निवासी किसान तन्ना सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस घायलों को इलाज के लिये तत्काल भिवानी सिविल अस्पताल ले गई।''

उन्होंने कहा, ''इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।'' मृतक की आयु लगभग 40 वर्ष बताई गई है। 

केन्द्र के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ ‘दिल्ली चलो’ मार्च के तहत सिंघु बॉर्डर पर पहुंचे किसानों को दिल्ली में प्रवेश करने की अनुमति मिल गई है। किसानों को बुराड़ी स्थित निरंकारी मैदान पर शांति पूर्ण प्रदर्शन की अनुमति मिल गई है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत