1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पटेल आरक्षण के लिए अगस्त से फिर आंदोलन छेड़ेंगे हार्दिक

पटेल आरक्षण के लिए अगस्त से फिर आंदोलन छेड़ेंगे हार्दिक

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jul 29, 2016 11:14 pm IST,  Updated : Jul 29, 2016 11:14 pm IST

गुजरात में पटेल समुदाय के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग के तहत आरक्षण की मांग के समर्थन में पटेल समुदाय के नेता हार्दिक पटेल और उनकी पाटीदार अनामत आंदोलन समिति (पीएएएस) ने अगस्त से फिर आंदोलन शुरू करने का फैसला किया है।

Hardik Patel
- India TV Hindi
Hardik Patel

अहमदाबाद: गुजरात में पटेल समुदाय के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग के तहत आरक्षण की मांग के समर्थन में पटेल समुदाय के नेता हार्दिक पटेल और उनकी पाटीदार अनामत आंदोलन समिति (पीएएएस) ने अगस्त से फिर आंदोलन शुरू करने का फैसला किया है। पीएएएस के शीर्ष नेतृत्व की बैठक शुक्रवार को राजस्थान के उदयपुर में कांग्रेस के एक पूर्व विधायक के घर में हुई। बैठक में पटेल समुदाय को आरक्षण के मुद्दे पर चर्चा हुई। यह राय बनी कि गुजरात सरकार द्वारा सवर्ण समाज के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को 10 फीसदी आरक्षण देने का फैसला सही नहीं है। यह बहुत कम है।

बैठक के बाद हार्दिक (23) ने संवाददाताओं से कहा, "सरकारी नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में पाटीदार समुदाय (पटेल) को अन्य पिछड़ा वर्ग के तहत आरक्षण दिलाने के लिए हमारा आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा।" गुजरात उच्च न्यायालय ने हार्दिक को 8 जुलाई को इस शर्त के साथ जमानत दी कि वह छह महीने तक राज्य से बाहर और उसके बाद तीन महीने मेहसाणा शहर से बाहर रहेंगे। इसके बाद से हार्दिक उदयपुर में रह रहे हैं।

हार्दिक ने कहा कि आंदोलन 14 अगस्त से शुरू होगा। गुजरात में महिलाएं थाली बजाकर इसकी शुरुआत करेंगी। आंदोलन के दौरान मारे गए लोगों के परिजन उनकी याद में उसी दिन दीया जलाएंगे। बैठक में यह भी तय किया गया कि आंदोलन के दौरान पटेलों के खिलाफ दर्ज 'गलत आपराधिक मामलों को' हटाने के लिए दबाव बनाया जाएगा। 28 अगस्त को इस सिलसिले में अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे जाएंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत