निजामाबाद: तेलंगाना के निजामाबाद में सड़क हादसे की हैरान करने वाली सत्वीर सामने आई है। एक कार, दो ट्रकों के बीच में ऐसी फंसी कि एक सेकेंड में कार के परखच्चे उड़ गए। हाईवे के चौराहे पर हुए इस हादसे में एक पूरा परिवार मौत के मुंह में समा गया। ट्रक में सवार ड्राइवर और क्लीनर को भी गंभीर चोटें आई हैं।
कैसे हुआ ये रोड एक्सीडेंट ?
ये हादसा तेलंगाना के निजामाबाद जिले के टेकरियाल नाम की जगह पर बुधवार सुबह करीब 8 बजकर 32 मिनट पर हुआ। एक हाईवे के चौराहे से कार और ट्रक दोनों को टर्न लेना था और दाई तरफ मुड़ना था। दोनों गाड़ियां रफ्तार में थी लेकिन इन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि दूसरी तरफ से एक ट्रक तेज रफ्तार में आ रहा है। चौराहे पर रेड सिग्नल न होने से किसी भी गाड़ी को रूकने या फिर चलने का कोई संकेत नहीं था।
कार ट्रक के बेहद करीब थी और जैसे ही दोनों वाहनों ने टर्न लिया, कार चालक दूसरी तरफ से आ रहे ट्रक को देख लेता है और बचने के लिए ब्रेक लगाता है लेकिन ब्रेक लगाते ही कार को ठीक पीछे आ रहे ट्रक से टक्कर लगती है। कार अपना संतुलन खोकर ट्रक के ठीक सामने आ जाती है। दूसरी तरफ से आ रहा ट्रक कार को बचाने की कोशिश करता है और हल्का सा कट मारने की कोशिश करता है लेकिन ये कोशिश अधूरी रह जाती है। दोनों ट्रकों के बीच करीब करीब आमने सामने की टक्कर हो जाती है और इन दोनों के बीच में फंसी कार चकनाचूर हो जाती है।
4 सेकंड में खत्म हो गया परिवार
सिर्फ चार सेकंड में हुए इस हादसे में कार में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई। प्रवीण नाम के शख्स आज सुबह नंदीपेटा से हैदराबाद के लिए चले थे। उनके साथ कार में उनका पूरा परिवार था और साथ ही उनका दोस्त लक्ष्मण भी कार में सवार था। दरअसल प्रवीण अपने बच्चों हरीश और भरत का हैदराबाद के इंजीनियरिंग कॉलेज में एडमिशन करवाने जा रहे थे लेकिन निजामाबाद जिले के कामारेड्डी बाइपास में ये हादसा हो गया और एक हंसता खेलता हुआ परिवार हादसे का शिकार हो गया।
देखिए वीडियो-